
Ranchi : झारखंड हाइकोर्ट ने कोविड के इलाज में इस्तेमाल होनेवाले रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी के मामले की जांच से जुड़े सीआइडी के एडीजे अनिल पालटा के तबादले पर नाराजगी जतायी है. झारखंड हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस रवि रंजन और उदित नारायण की खंडपीठ ने कालाबाजारी से जुड़ी याचिका की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार से पूछा है कि कालाबाजारी मामले की जांच कर रहे एडीजी अनिल पालटा के तबादले की क्या वजह है? हाइकोर्ट में इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी.
इसे भी पढ़ें – CBSE ने सुप्रीम कोर्ट में पेश किया 12 वीं बोर्ड के रिजल्ट का फॉर्मूला
हाइकोर्ट ने कहा है कि इस मामले की सीबीआइ जांच करायी जा सकती है. इस पर सरकार को अपना पक्ष रखने को कहा गया है.
बता दें कि रेमडेसिविर इंजेक्शन की कालाबाजारी का मामला रांची में सामने आया था. फिलहाल सीआइडी इसकी जांच कर रही है. इस जांच में सीआइडी के एडीजी अनिल पालटा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने जांच की प्रगति से हाइकोर्ट को अवगत भी कराया था. कोर्ट ने जानना चाहा है कि कालाबाजारी मामले की जांच जब अनिल पालटा के अधीन चल रही थी तो इस वक्त उनके स्थानांतरण की क्या वजह है?
इसे भी पढ़ें – हाईकोर्ट ने रांची सदर हॉस्पिटल का पूछा स्टेटस, विजेता ने बताया ऑक्सीजन टैंकर पहुंच गया, जल्द चालू होगा प्लांट



