
Patna : राजधानी पटना के बेउर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिपारा में शनिवार की देर रात घर के पास टहलने निकली गर्भवती को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया. तीन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर उसे बेहोशी की हालत में पटना जंक्शन के पास रेल लाइन पर छोड़कर भागने लगे. इसी बीच महिला को होश आ गया और शोर मचाने पर जीआरपी पहुंच गई. जीआरपी ने दो आरोपितों को दौड़ाकर दबोच लिया. पीडि़ता को महिला थाने ले जाया गया. आरोपितों को भी महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया.
इसे भी पढ़ें : भारत बंदः राजधानी दिल्ली से सटे इलाकों में दिख रहा है व्यापक असर, लगी वाहनों की कतारें
महिला थानाध्यक्ष किशोरी सहचरी ने बताया कि तीन आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है. दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उनकी पहचान विशाल और अंकित के रूप में हुई है. दोनों सिपारा के विशुनपुर पकड़ी के रहने वाले हैं. एक अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है. पीड़िता की मेडिकल जांच कराने के साथ फर्द बयान दर्ज किया गया है.
24 वर्षीय विवाहिता मूल रूप से लखीसराय की रहने वाली है. एक साल पहले उसकी शादी हुई है. पति पेट्रोलियम कंपनी में काम करता है. शनिवार की रात पति काम पर गया था. रात करीब दस बजे महिला घर के बाहर टहलने के लिए निकली तभी दो युवक पहुंच गए. दोनों बदतमीजी करने लगे और फिर मुंह दबाकर उसे उठाकर पास के खेत में ले गए. इस दौरान एक युवक ने फोन कर अपने एक अन्य साथी को भी बुला लिया. महिला ने विरोध किया तो दोनों उसकी पिटाई करने लगे. तभी तीसरा आरोपित भी वहां पहुंच गया. आरोप है कि तीनों ने दुष्कर्म किया.




