
Ranchi : हरमू नदी के उद्गम स्थल पर अतिक्रमण की झारखंड हाइकोर्ट में शिकायत करनेवाले हाइकोर्ट के अधिवक्ता लाल ज्ञान रंजन नाथ शाहदेव और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है. मोटरसाइकिल पर सवार 2 अज्ञात अपराधियों ने आज अधिवक्ता लाल ज्ञान रंजन नाथ शाहदेव की जीप रोकर उन्हें रिवाल्वर दिखाते हुए हाईकोर्ट से केस हटा लेने की धमकी दी, ऐसा नहीं करने पर उन्हें और उनके परिवार वालों को दुनिया से विदा करने की धमकी दे डाली. इसके बाद अधिवक्ता ज्ञान रंजन ने पंडरा थाना जाकर इसकी शिकायत करते हुए इस संदर्भ में एफआईआर दर्ज किया. अधिवक्ता आज अपने नोबा नगर स्थित कार्यालय में कुछ निर्माण कार्य करा रहे थे. जहां से काम खत्म करा कर वह अपने रातू रोड स्थित घर लौट रहे थे. उसी दौरान बनहोरा स्थित पानी टंकी के पास दो अपराधियों ने रोक कर उन्हें जान से मारने की कोशिश की. बीते शुक्रवार को कोर्ट के आदेश के आलोक में इस मामले में गठित तीन अधिवक्ताओं की कमेटी ने कटहल मोड़ स्थित हरमू नदी के उद्गम स्थल के निकट अवैध अतिक्रमण का जायजा लिया था, जिसमें अधिवक्ता ज्ञान रंजन भी न्यायालय के आदेश से गये थे.
अधिवक्ता लाल ज्ञान रंजन नाथ शाहदेव ने हाइकोर्ट से की थी शिकायत
अधिवक्ता ज्ञान रंजन ने नगर निकायों में नक्शा स्वीकृत में पैसे के खेल से संबंधित कोर्ट के स्वतः संज्ञान में सुनवाई के दौरान कोर्ट को बताया था कि हरमू नदी के उद्गम स्थल डीएवी हेहल, कटहल मोड़ के समीप नदी का अतिक्रमण कर लिया गया है, जो कि नगर विकास एवं आवास विभाग की अधिसूचना का स्पष्ट उलंघन है. नदी तथा प्राकृतिक नाले के 10 से 15 मीटर तक निर्माण कार्य नहीं हो सकता है. उसके बाद भी नियम विरुद्ध रांची नगर निगम/ आरआरडीए के माध्यम से नियम विरुद्ध नक्शा पास किया जा रहा है और नदी पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य जारी है. पूर्व में भी हाइकोर्ट ने नदियों एवं प्राकृतिक नाले को अतिक्रमण मुक्त करने का कई बार आदेश दिया है. अधिवक्ता ज्ञान रंजन की शिकायत के आलोक में हाइकोर्ट के जस्टिस एस चंद्रशेखर की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने हरमू नदी के अतिक्रमण पर तीन वकीलों वाला एडवोकेट कमिश्नर नियुक्त किया और 24 नवंबर को स्थल जांच कर 30 नवंबर को रिपोर्ट कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.
इसे भी पढ़ें – रामगढ़ में आरवी हाई स्कूल के छात्रों के साथ मारपीट की घटना बर्दाश्त के काबिल नहीं, दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो: अमर कुमार बाउरी



