JharkhandLead NewsRanchi

हेमंत सोरेन ने पद की गरिमा खत्म कर दी है : सुदेश कुमार महतो

Ranchi : आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की गरिमा खत्म कर दी है. साथ ही राज्य की छवि भी लगातार बिगाड़ रहे हैं. उन्हें यह बताना चाहिए कि जब दिल्ली में ईडी की टीम उनके आवास पर पहुंची तब वे कहां थे. फिर वे किस रास्ते से लौटे. उनकी गतिविधियों से संशय और भ्रम की स्थिति बनी हुई है. ईडी उनसे पूछताछ करना चाहती है. अगर उन्होंने कोई ग़लती नहीं की है, तो बेहिचक इसका सामना करना चाहिए. सरकार और उनकी पार्टी शासन का दुरुपयोग कर राज्य का माहौल खराब करने में जुटी है. जबकि राज्य में विधि व्यवस्था को लेकर राज्यपाल लगातार चिंता जाहिर कर रहे हैं.‌

आजसू पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में वन नेशन-वन इलेक्शन विषय पर मंगलवार को आयोजित बैठक में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव के लक्ष्य को प्राप्त कर सकें तो आधुनिक भारत के लोकाचार प्रतिबिंबित हो सकते हैं. वन नेशन वन इलेक्शन नए भारत की आकांक्षा को दर्शाता है.

उन्होंने बताया कि वन नेशन वन इलेक्शन विषय पर विस्तृत चर्चा हुई. देश को वन नेशन वन इलेक्शन की ओर बढ़ना चाहिए. इसके लागू होने से देश की प्रगति आगे बढ़ेगी और चुनाव में होने वाले खर्च में काफी कमी आयेगी.

इस बैठक में विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका से जुड़े कई लोग शामिल हुए. इस दौरान एक राष्ट्र-एक चुनाव को लेकर चिंतन-मंथन किया गया.

पुण्यतिथि पर बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो और पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने केंद्रीय कार्यालय में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया. इस मौके पर सुदेश कुमार महतो ने बापू को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के विचार और उनके सिद्धांत अनमोल हैं. ये आज भी प्रासंगिक हैं और हमेशा रहेंगे. महात्मा गांधी हमारे प्रेरणा स्रोत हैं. उन्होनें देश सहित पूरे विश्व को सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का पाठ पढ़ाया था. हमें उनके दिखाए रास्ते पर संकल्पित होकर चलने की आवश्यकता है.

इसे भी पढ़ें – झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 9 फरवरी से, 16 को पेश होगा बजट

Related Articles

Back to top button