
New Delhi : ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लंदन जायेंगी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 17 सितंबर से इंग्लैड दौरे पर रहेंगी. यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी है. महारानी का अंतिम संस्कार 19 सितंबर को वेस्टमिंस्टर एबे में होगा.
इससे पूर्व विदेश मंत्री एस जयशंकर 12 सितंबर को दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग जाकर महारानी के निधन पर भारत की ओर से संवेदना जता चुके हैं. महारानी के निधन पर भारत सरकार ने रविवार को एक दिन का राष्ट्रीय शोक भी घोषित किया था.
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि कि महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के 70 साल के शासनकाल में भारत और ब्रिटेन के संबंध काफी विकसित और प्रगाढ़ हुए हैं. राष्ट्रमंडल के प्रमुख के रूप में उन्होंने दुनिया भर के लाखों लोगों के कल्याण के लिए अहम भूमिका निभायी.
महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार में सैकड़ों राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की उम्मीद जतायी जा रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के अलावा फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन और कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भी लंदन जायेंगे.
इसे भी पढ़ें – पूजा सिंघल सहित तीन की न्यायिक हिरासत 28 सितंबर तक बढ़ी



