
Ranchi: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि गठबंधन सरकार पूर्व सरकार की सभी अच्छी योजनाओं को बंद करने और विवादास्पद बनाने पर तुली है.
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को विभागीय मंत्री ने बयान दिया कि डोभा योजना को भी बंद करेंगे. उन्होंने डोभा योजना में काफी सारी अनियमितताएं होने की बात कह कर जांच कराने की बात भी कही है.
उन्होंने कहा की भाजपा को कभी भी किसी भी जांच से परहेज नहीं रहा है. बशर्ते वह निष्पक्ष हो. लेकिन जांच की रिपोर्ट आने से पहले ही विभागीय मंत्री ने इसमें भारी अनियमितता की बात कह कर अपने पूर्वाग्रह को दिखा दिया है. नकारात्मक सोच की बुनियाद पर यह सरकार खड़ी है, कोई सकारात्मक उम्मीद नहीं बची है.
श्री शाहदेव ने कहा कि ऐसा लग रहा जैसे हेमंत सोरेन लंबी लाइन खींचने के बजाय लाइन मिटाने की सोच से काम कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें – पुलवामा के शहीद विजय सोरेंग को रघुवर ने ठगा, CCL-BCCL फैमली मैटर की वजह से नहीं कर पा रही मदद
योजना बंद कर ध्यान बांटने की कोशिश कर रही सरकार
श्री शाहदेव ने कहा कि पहले कृषि आशीर्वाद योजना, महिलाओं के लिए 1 रुपये में रजिस्ट्री की योजना और अब डोभा योजना को बंद करने की बात कह कर लोगों का ध्यान बंटाने की कोशिश हो रही है. केंद्र में 2014 में जब नरेंद्र मोदी की सरकार आयी थी, उसने भी यूपीए के द्वारा शुरू की गयी मनरेगा को बंद नहीं किया था. बल्कि उसमें व्याप्त कमियों को दूर किया था.
वादे पूरा करने में सक्षम नजर नहीं आ रही है सरकार
गठबंधन सरकार सत्ता में बड़े-बड़े वादे करके आयी है. उन वादों को पूरा करने में वह सक्षम नज़र नहीं आ रही है. बार-बार सरकार खजाना खाली होने का बात कह रही है.
अर्थशास्त्र का ज्ञान रखनेवाले लोगों को यह पता है की बजट राजस्व वसूली और खर्च का एक रफ़ एस्टीमेट होता है. राजस्व वसूली एक निरंतर चलनेवाली प्रक्रिया है. लेकिन सरकार बार-बार यह कह रही है कि खजाना खाली है. इससे भ्रम की स्थिति पैदा करने की कोशिश हो रही है.
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि अब तो 15 दिनों में सरकार का बजट पेश होगा. उन्हें अपनी प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए. सिर्फ राजनीति करने के लिए अगर वह सफल योजनाओं को बंद करने का प्रयास करेंगे तो इसका भाजपा पुरजोर विरोध करेगी.
इसे भी पढ़ें – #Ranchi में आठ लेन के सिंथेटिक ट्रैक के लिए खर्च हुआ 7.27 करोड़, चंदनकियारी में छह लेन के लिए 11 करोड़!



