
Ranchi: हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचईसी) के कर्मियों ने गुरूवार को बीजेपी कार्यालय का घेराव किया. साढ़े ग्यारह बजे से कर्मियों की भीड़ बीजेपी कार्यालय के पास देखी गई. लंबित मांगों के साथ बकाया भुगतान के लिये कर्मियों ने बीजेपी कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान रैली के साथ एचईसी कर्मी बीजेपी कार्यालय पहुंचे. कर्मियों ने इस दौरान सांसद संजय सेठ विरोधी नारे लगाये. साथ ही केंद्र की बीजेपी सरकार पर एचईसी के बर्बादी के आरोप लगाये गये.
इस दौरान एचईसी कर्मियों ने कहा कि 17 जनवरी से कर्मचारी आंदोलन कर रहे है. पिछले साल भी कर्मियों ने आंदोलन किया था. लेकिन न ही सांसद और न ही केंद्र सरकार इस पर कोई निर्णय ले रही है. लंबित बकाया के बावजूद कर्मियों ने एचईसी के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभायी. अब जब कर्मियों के सामने भूखे मरने की स्थिति है तो सरकार इस पर कोई संज्ञान नहीं ले रही है. इस दौरान एचईसी कर्मियों ने बीजेपी से मामले में सकारात्मक कारवाई करने की मांग की.
जानकारी हो कि विगत 17 जनवरी से एचईसी के अधिकारी और कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल में है. जहां कर्मियों की मांग है कि कर्मचारियों का 18 महीने और अफसरों का 20 महीने से बकाया वेतन भुगतान किया जायें.
आंदोलनरत कर्मियों की मानें तो एचईसी में अभी करीब 1100 स्थायी और 1500 अस्थायी कर्मचारी हैं. कुल संख्या 2600 है. जिनकों किसी भी तरह का भुगतान अब कंपनी प्रबंधन द्वारा नहीं किया जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ अस्थायी मजदूरों का एग्रिमेंट भी अधर पर लटका हुआ है. प्रबंधन द्वारा स्पष्ट पक्ष नहीं रखने की वजह से श्रमिक संगठनों ने एक मंच पर आकर आंदोलन शुरू किया. एक मंच पर हटिया मजदूर कामगार यूनियन, हटिया मजदूर यूनियन, हटिया लोक मंच, एचईसी श्रमिक संघर्ष यूनियन, हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन और एचईसी ऑफिसर्स एसोसिएशन शामिल हैं. इस दौरान बीजेपी कार्यालय के पास कड़ी सुरक्षा देखी गयी. जगह जगह बैरेकेडिंग की गयी थी. जिससे आंदोलनकारियों को रोका जा सकें.




