JharkhandLead NewsNEWSRanchiTOP SLIDER

28 जून तक राज्य में भारी बारिश की संभावना, राजधानी समेत सभी जिलों का गिरा तापमान

Ranchi: बीते रविवार से हो रही बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. जहां एक ओर बादल छाये रहने के बाद भी बारिश नहीं हो रही थी. वहीं, दूसरी ओर रविवार सुबह से हुई बारिश ने लोगों को राहत दे दी. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो 28 जून तक राज्य में भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान कुछ जिलों में रूक रूक कर दिन में दो से तीन बार बारिश होगी. विभाग की मानें तो कुछ इलाकों में हल्की धूप भी देखी जा सकती है. लेकिन बादल और बारिश का असर बना रहेगा. इस दौरान राज्यभर के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जायेगी. इसके बाद चार दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

विभाग की मानें 26 जून को राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्से में भारी बारिश होगी. इसमें गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, लोहरदगा, रांची, कोडरमा, रामगढ़, चतरा समेत अन्य जिला शामिल है. जहां तेज वज्रपात की भी संभावना है. 28 जून तक राज्य का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जतायी गयी है. जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना जतायी गयी है.
इसके पहले शनिवार को मौसम विभाग ने बताया था कि दक्षिण पश्चिम मानसून का प्रसार राज्य में 24 जून को हुआ. इसके साथ ही राज्य में बारिश और बादल छाये रहेंगे. विभाग ने बताया था कि इस बार मानसून अपने तय समय से काफी देर से आया है. ऐसे में इसका असर कुछ कम भी हो सकता है.

वज्रपात से बचाव की चेतावनी

विभाग ने चेतावनी जारी कर कहा है कि आने वाले कुछ दिनों तक राज्य में तेज वज्रपात का असर देखा जायेगा. ऐसे में बारिश और हवा के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थान पर रहना है. इस दौरान लोगों को पेड़ या बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गयी है.

Related Articles

Back to top button