
Ranchi: पुलिस मुख्यालय ( jharkhand police headquarters) से सभी जिले के एसपी को आदेश दिया है कि अपने अपने जिले के थाना प्रभारी का फिलहाल ट्रांसफर-पोस्टिंग नहीं करे. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ये आदेश बीते 8 जून को पुलिस मुख्यालय में हुए समीक्षा बैठक के दौरान दी गई थी. इसके अलावा सभी जिले के एसपी को आदेश दिया गया है कि लंबे समय से एक ही थाना में पोस्टेड मुंशी को हटाया जाए.
इनका होगा तबादला
जानकारी के अनुसार,एक जिले में तीन साल या उससे अधिक समय से पदस्थापित सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर भी बदले जाएंगे. इसके अलावा सब इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का को प्रोन्नति मिलने वाली है.
ये भी पढ़ें- हॉस्पिटल में लापरवाही की हद! बाथरूम में कोरोना संक्रमित की लाश, थाने में गुमशुदगी की FIR
इन सभी चीजों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के द्वारा सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिया गया है कि वह अपने जिले के थाना प्रभारी की ट्रांसफर पोस्टिंग न करें. एक साथ बड़े पैमानें पर ट्रांसफर- पोस्टिंग हो जाने के बाद ही थाना प्रभारी की ट्रांसफर पोस्टिंग की जाएगी.
सख्त कार्रवाई करने का निर्देश
डीजीपी एमवी राव ( DGP MV Rao ) ने राज्य के सभी जिलों के एसपी, एसएसपी और सभी वाहिनी के कमांडेंट के साथ 8 जून को समीक्षा बैठक की थी. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होनेवाली समीक्षा बैठक में सभी रेंज के डीआइजी भी शामिल थे. समीक्षा बैठक के दौरान राज्य की विधि-व्यवस्था, कानून-व्यवस्था एवं अद्यतन आपराधिक स्थिति, लॉकडाउन के दौरान फिजिकल डिस्टेंसिंग एवं मास्क के उपयोग, राज्य में घटित सांप्रदायिक घटनाएं, महिलाओं से जुड़े अपराध, अवैध बालू-खनन रोकने, कोयला चोरी से संबंधी मामले पर अंकुश लगाने, पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गठित आरोप एवं इसके निवारण सहित लॉकडाउन से पहले अवकाश पर गए पुलिसकर्मियों के अवकाश पर निर्णय तथा अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर चर्चा की गई थी.




