
Ranchi : लातेहार जिले के बरवाडीह थाना पुलिस ने पिस्टल-कट्टा के साथ आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी पलामू, लातेहार की सड़कों पर वाहनों को निशाना बनाते थे. साथ ही सुनसान इलाके में स्थित दुकानों में सेंधमारी की घटना को अंजाम देते थे. गिरफ्तार आरोपियों में पलामू जिले के पिपरटांड़ थाना क्षेत्र स्थित उचहरा निवासी विशाल कुमार वर्मा उर्फ बिट्टू, पिपरटांड़ थाना क्षेत्र के ही पगार निवासी डब्लु कुमार सिंह, तरहसी थाना क्षेत्र के जमुनीयाडीह निवासी शशिकांत कुमार उर्फ गुड्डू, तरहसी थाना क्षेत्र के ही गुरदुरी निवासी सत्यप्रकाश सिंह, गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र स्थित बुडका निवासी बुद्देश्वर उराव और भरनो थाना क्षेत्र के भरगांव खलबी टोली निवासी विष्णु उरांव के नाम शामिल हैं. आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, दो कट्टा, 11 गोली, एक रामपुरी चाकू, सेंधमारी के औजार, 8090 रुपये नगद, ताला तोड़ने का सामान, कटर ब्लेड, एक कार और 12 मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है. पुलिस के अनुसार बीते गुरुवार को लातेहार एसपी को गुप्त सूचना मिली कि बरवाडीह थाना क्षेत्र में स्थित केचकी संगम के पास कुछ अपराधी बड़े अपराध की योजना के साथ एकत्रित हैं. सूचना पर छापामारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल में शामिल सहायक पुलिस अधीक्षक सह बरवाडीह थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिसकर्मियों ने केचकी संगम के पास पहुंच कर घेराबंदी कर आधा दर्जन अपराधियों को अपराध की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया. हालांकि चार अपराधी अंधेरा एवं जंगल का फायदा उठा कर भागने में सफल रहे.
गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि सभी अपराधी बड़े आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं एवं इस गिरोह के द्वारा लातेहार एवं पलामू क्षेत्र में कई आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है. गिरफ्तार अपराधियों में से कुछ अपराधी ने स्वीकार किया कि वे लोग अन्य सहयोगियों के साथ विगत माह मनिका थाना क्षेत्र में घटित बकरी से लदे पिक अप वैन की लूटपाट में शामिल थे. इस लूटपाट में बरामद कार का इस्तेमाल किया गया था. गिरफ्तार आऱोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है. शशिकांत कुमार उर्फ गुड्डू मनिका थाना में दर्ज एक मामले में वांछित है. डब्लु कुमार सिंह पर मनिका थाना में मामला दर्ज है. साथ ही पिपराटांड़ थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट में वांछित है. सत्यप्रकाश सिंह पर मनिका थाना में एक मामला दर्ज है. वहीं चैनपुर थाना में दर्ज एक मामले में वांछित है.
इसे भी पढ़ें- लोकसभा चुनाव-2024 : झारखंड के मीडियाकर्मियों के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था



