
Haj Yatra: जॉर्डन ने रविवार को कहा कि सऊदी अरब में हज की रस्में अदा करने के दौरान 14 नागरिकों की मौत हो गई और 17 अन्य लापता हो गए हैं. समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, जॉर्डन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सूफियान कुदाह ने एक बयान में कहा कि जॉर्डन मृतकों को दफनाने या उनके परिवारों के अनुरोध पर उनके घर वापसी के लिए सऊदी अधिकारियों के साथ संपर्क में है.
बयान के अनुसार, सऊदी अधिकारी 17 लापता तीर्थयात्रियों की तलाश कर रहे हैं. बयान में न तो घटना की विस्तृत जानकारी दी गई और न ही इसके कारण का खुलासा किया गया, लेकिन जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने एक दिन पहले बताया कि हज यात्रा के दौरान जॉर्डन के छह नागिरकों की हीट स्ट्रोक से मौत हो गई.
ईरानी रेड क्रिसेंट के प्रमुख पिरहोसैन कूलिवंद ने कहा, “इस साल हज के दौरान मक्का और मदीना में अब तक पांच ईरानी तीर्थयात्रियों की जान चली गई है.” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि उनकी मौत कैसे हुई.
हज, दुनिया की सबसे बड़ी धार्मिक सभाओं में शुमार है. इसे इस्लाम के पांच स्तंभों में से एक माना जाता है और सभी मुसलमानों को कम से कम एक बार इसे अवश्य करना चाहिए. वार्षिक तीर्थयात्रा के दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया है, जिसमें इस वर्ष लगभग 1.8 मिलियन मुसलमान भाग ले रहे हैं. कई अनुष्ठान बाहर और पैदल किए जाते हैं, जिससे विशेषकर बुजुर्गों के बीच चुनौतियाँ पैदा होती हैं.




