
Dhanbad: धनबाद के गोविंदपुर में पिछले दिनों अपराधियों के द्वारा मछली कारोबारी को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस रेस हुई. जिसके बाद पुलिस द्वारा छापेमारी अभियान चलाया गया. इसी क्रम में पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि खालसा होटल के समीप शांति गेस्ट हाउस में कुछ अज्ञात लोग रुके हुए है. जिनके पास आर्म्स है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं.
मामले की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रविकांत प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी की गई. जिसमें पुलिस ने कुल 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अपराधियों के पास से 1 पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस, एक कार और 3 मोबाइल जब्त हुए हैं. सिटी एसपी अजित कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पकड़े हुए एक अपराधी के ऊपर लूट एवं डकैती के कई मामले कई जिलों के अलग-अलग थानों में दर्ज है. पुलिस जांच में जुट गई है और पूछताछ की जा रही है.




