
Chatra: मंगलवार को राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन मयूरहण्ड प्रखण्ड के करमा पंचायत पहुंचे जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उपायुक्त अबू इमरान ने राज्यपाल का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया. इस मौके पर आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के विचारों को सुनने के बाद राज्यपाल ने कहा कि वे लोगों से संवाद कर योजनाओं के लाभ की वर्तमान स्थिति की जानकारी ले रहे हैं, ताकि शासन तक लोगों की बात को पहुंचाया जा सके. उन्होंने कहा कि इसी प्रयोजन के कारण उन्होंने जनता के बीच जाने का फैसला लिया है ताकि लोगों को राजभवन तक आने का कष्ट न उठाना पड़े. उन्होंने कहा कि विकास के काम में कोई भी अवरोध नहीं होना चाहिए. करमा जैसे छोटे छोटे पंचायत, गांव विकसित होगा तो इससे राज्य और देश का विकास होगा. उन्होंने चतरा जिले में उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन योजना आदि संचालित योजनाओं का जिला में स्थिति का उल्लेख करते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलायी जा रही अन्य सभी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए कहा.
इसे भी पढ़ें: राजयपाल पहुंचे कोडरमा, सदर अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इस मौके पर राज्यपाल ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित परिसंपत्तियों का वितरण भी किया. कल्याण विभाग के तहत एक लाभुक के बीच स्वीकृति पत्र वितरण किया गया. दो लाभुक के बीच शिक्षा विभाग के तहत नियुक्ति पत्र दिया गया जबकि 123 स्वयं सहायता समूह की दीदियों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के तहत 1.2 करोड़ का चेक वितरण किया गया. प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक लाभुक को गृह प्रवेश हेतु चाभी प्रदान किया गया. मनरेगा के तहत दो लाभुकों को जाबकार्ड दिया गया. भूमि संरक्षण के तहत एक सखी मंडल को 5 लाख का चेक वितरण किया गया. परिवहन विभाग अंतर्गत गुड समार्टियन पॉलिसी के तहत एक लाभुक को प्रशस्ति पत्र दिया गया. सहकारिता विभाग एक सहकारिता समिति को निबंधन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. जिला समाज कल्याण अंतर्गत 3 लाभुकों को सावित्री फुले किशोरी समृद्धि योजना, 2 लाभुकों को कन्यादान योजना तथा 3 लाभुकों को ट्राइसाइकिल देकर दिव्यांग योजना से लाभान्वित किया गया. कार्यक्रम में काजल कुमारी को अदम्य साहस दिखाते हुए डूबते हुए बच्चे को बचाने के वीरता पूर्ण कार्य के लिए सम्मानित करते हुए वीरता प्रशस्ति पत्र दिया गया.




