
Ranchi : भाजपा की राष्ट्रीय मंत्री सह रांची की मेयर डॉ आशा लकड़ा ने कहा कि जेएसएसपीएस की एथलीट अंजलि उरांव की मौत से एक बार फिर झारखंड सरकार का अमानवीय चेहरा सामने आया है. अंजलि तीन दिनों से बीमार थी और हॉस्टल की वार्डन बलमदीना तिग्गा पैरासिटामोल टैबलेट देकर उसका इलाज करती रही. जब एथलीट खिलाड़ी की तबीयत बिगड़ी तो उसे आनन-फानन में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गयी. विरोध में हॉस्टल के छात्र-छात्राओं ने सड़क जाम किया तो राज्य सरकार ने पुलिस बल का प्रयोग कर उनपर लाठी चार्ज करा दिया. ये बातें डॉ आशा लकड़ा ने कहीं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद को आदिवासियों का हमदर्द कहते हैं. उनके राज्य में आदिवासियों का शोषण हो रहा है. शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने वालों का मुंह बंद कर दिया जा रहा है.
फंड होने के बाद भी सुविधा नहीं
झारखंड के आदिवासी छात्र-छात्राएं खेल के क्षेत्र में राज्य का नाम रोशन करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है और न ही स्वास्थ्य जांच की उत्तम सुविधा. जेएसएसपीएस के हॉस्टल में रह रहे खिलाड़ियों की नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच होती तो आज अंजलि उरांव की मौत नहीं होती. यह बात समझ से परे है कि जेएसएसपीएस के खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त फंड उपलब्ध होने के बाद भी उन्हें पौष्टिक भोजन व स्वास्थ्य जांच समेत अन्य सुविधाएं क्यों नहीं मिल पा रही हैं. इस घटना से यह प्रतीत हो रहा है कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए उपलब्ध कराये गये फंड की बंदरबांट की जा रही है.
सरकार दे परिजनों को मुआवजा
डॉ आशा लकड़ा ने राज्य सरकार व खेल मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि अंजलि उरांव की मौत मामले की उच्च स्तरीय जांच करायी जाये और इस मामले में संलिप्त हॉस्टल की वार्डन समेत अन्य अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाये. साथ ही मृत एथलीट खिलाड़ी अंजलि उरांव को राज्य सरकार की ओर से उचित मुआवजा दिया जाये.
इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद 16 दावेदारों को मिला वनपट्टा



