
Ranchi : केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय अंतर्गत राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान ने देशभर के नगर निकायों में क्षमता संवर्धन और शहरीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे पदाधिकारियों और कर्मियों को और ज्यादा कार्य कुशलता प्रदान करने के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफार्म स्थापित किया है. नेशनल अर्बन लर्निंग प्लेटफॉर्म पर जाकर कोई भी पदाधिकारी अर्बन मोबिलिटी, सैनिटेशन, स्वच्छता, हाउसिंग, टाउन प्लैनिंग, सॉलि़ड वेस्ट मैनेजमेंट, वाटर सप्लाई एंड मैनेजमेंट, सीवरेज एंड सैनिटेशन, एंड मुंसिपल फाइनेंस इत्यादि विषयों पर अपनी जानकारी बढ़ा सकता है. इस प्लेटफार्म के जरिए अपनी इच्छा के अनुसार नगरीय सेवाओं से जुड़े उपलब्ध कोर्स में पढ़ाई और क्वालीफाई कर सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकता है. इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश के बड़े शहरों में हुए अच्छे कार्यों का केस स्टडी भी शेयर किया जायेगा. इस तरीके से यह प्लेटफॉर्म शहरीकरण के क्षेत्र में ज्ञान आदान प्रदान करने का भी प्लेटफार्म साबित होगा.
प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग में राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान ने जो प्रयास किये हैं उसके पीछे शहरीकरण के क्षेत्र में कार्य कर रहे बड़े विशेषज्ञों का महत्वपूर्ण योगदान है. इसलिए झारखंड के नगर निकायों के पदाधिकारी इस प्लेटफार्म का बेहतर इस्तेमाल करें. इससे आपको अपने क्षेत्र की जनता, जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों के आकांक्षाओं को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी. उन्होंने राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान के पदाधिकारियों से आग्रह किया कि इस प्लेटफार्म के माध्यम से झारखंड के भी अच्छे कार्यों को देश के दूसरे शहरों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएं और हमारे द्वारा किए गए कुछ अच्छे प्रयासों को भी इस प्लेटफार्म पर शेयर किया जाये जो आगे चल कर आपके द्वारा ऑफर किए जा रहे कोर्स का हिस्सा बने. उन्होंने कहा कि एन यू एल पी समस्याओं के डिजिटल समाधान का बड़ा माध्यम है और झारखंड के पदाधिकारी इसका बेहतर इस्तेमाल करें और यहां पर शेयर किए गए अच्छे प्रैक्टिस को अपनी विकास योजनाओं का हिस्सा बनायें.
कार्यक्रम में लोगों को नगर निकायों में आने वाली दैनिक चुनौतियों, कार्यों के निष्पादन,योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं और उसके समाधान पर चर्चा हुआ और किस प्रकार से इस प्लेटफार्म का इस्तेमाल किया जा सकता है इसकी जानकारी दी गई.. पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच क्विज कंपटीशन भी कराया गया. विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया. सभी नगर निकायों के नोडल पदाधिकारी को बताया गया कि किस तरीके से वह अपना कंटेंट या कोई सफल प्रोजेक्ट को प्लेटफार्म पर शेयर भी कर सकते हैं जिससे दूसरे शहर उसका अनुसरण कर सकें और वह भी ऑनलाइन कोर्स का हिस्सा बन सके.
कार्यक्रम में राज्य शहरी विकास अधिकरण के निदेशक अमित कुमार के साथ साथ आदित्यपुर नगर निगम के नगर प्रशासक गिरिजा शंकर प्रसाद और सभी निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे. राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान की ओर से देवयानी घोष, नंदिनी, गोपी किशन और टीम के अन्य सदस्य मौजूद थे. वहीं नगर विकास विभाग की ओर से पुष्पा मार्टिन, चंदन भगत, नवनीत कुमार, सुजीत भारती, अंजना भारती, मोहम्मद सरफराज, अंबरीश कुमार, मोहम्मद नासिर मिनहाज व अन्य मौजूद रहे. रांची स्मार्ट सिटी की ओर से जीएम राकेश कुमार, पीआरओ अमित कुमार, प्रबंधक कमलजीत कुमार शर्मा मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें –पंचायती राज विभाग ने जारी किया झारखंड पेसा नियमावली का ड्राफ्ट, जानें मुख्य बिंदुओं को



