
Ranchi/Chatra: राज्य सरकार ने चतरा में रोड निर्माण के लिए भू-अधिग्रहण करने की योजना बनाई है. पतरातू-हेन्देगीर से मैक्लुस्कीगंज तक बनाई जाने वाली सड़क के लिए होसीर गांव (थाना-पिपरवार, थाना सं-86, अंचल-टंडवा, चतरा) में जमीन ली जानी है. वहां 5.39075 एकड़ यानि 2.18161 हेक्टेयर जमीन जिला प्रशासन लेगा. इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गयी है. जिन परिवारों, रैयतों से इसे लिया जायेगा, उसकी सूची भी तैयार कर ली गयी है. अब जमीन अधिग्रहण के क्रम में रैयतों या भू स्वामियों को मुआवजा और बाकी प्रक्रिया भी पूरी होगी.
जिला प्रशासन ने जारी की सूचना
डीसी चतरा की ओर से सार्वजनिक सूचना जारी करते बताया गया है कि पतरातू-मैक्लुस्कीगंज सड़क बनाने के क्रम में होसीर गांव के 64 परिवारों, भूस्वामियों की जमीन ली जानी है. जिनकी जमीन ली जा रही है, उनके पुनर्व्यवस्थापन की भी व्यवस्था होगी. चिन्हित की गयी जमीन के मामले में जानकारी के लिए जिला भू अर्जन पदाधिकारी, चतरा के कार्यालय में किसी कार्य दिवस के दिन संपर्क किया जा सकता है. फिलहाल जिला प्रशासन के पास जमीन अधिग्रहण के मामले में किसी तरह का दावा पिछले 2 माह से प्राप्त नहीं हुआ है.
इसे भी पढ़ें: हिमाचल जीतेंगे, ओल्ड पेंशन स्कीम का होगा रोलः दीपिका सिंह




