
Ranchi : गोड्डा पुलिस ने शहर में सक्रिय बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बाइक चोर गिरोह के सदस्य आये दिन शहर में बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे. बाइक चोरी के लिए करीब एक दर्जन लोगों का एक गिरोह बना रखा था. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर सात चोरी की बाइक बरामद की है. गिरोह के लोग गोड्डा से बाइक चोरी कर बिहार के भागलपुर समेत अन्य जगहों पर 10-12 हजार रुपये में बेच देते थे. आरोपियों में टाउन थाना क्षेत्र के असनबनी निवासी मो शहबाज अंसारी पिता- मो साजिद अंसारी, मो अरबाज अंसारी पिता-मो ताहिर अंसारी, मो तालिब अंसारी पिता- सत्तार अंसारी, साकेतपुरी निवासी चंदन कुमार मंडल उर्फ कृष्णा पिता- परमानंद मंडल और महगामा थाना क्षेत्र के मोहनपुर निवासी मो अफजल अंसारी पिता- खुदाबक्त अंसारी के नाम शामिल हैं. पुलिस के अनुसार बाइक चोरी की रोकथाम व कार्रवाई के लिए गोड्डा एसपी ने एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया. इसी क्रम में सूचना संकलन कर सक्रिय वाहन चोर गिरोह का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न जगहों से चोरी की सात बाइक बरामद की गयी. आरोपी चन्दन कुमार मंडल के विरुद्ध टाउन थाना में पूर्व से दो मामले दर्ज हैं. आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुका है. अपने-अपने स्वीकारोक्ति बयान में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि ये पेशेवर बाईक चोर हैं. इनका एक गिरोह है. ये अपने साथियों के साथ मिल कर चोरी कर अन्यत्र जगह 10-12 हजार में बेच देता है. पुलिस अब गिरोह में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तार के लिए छापेमारी में जुट गई है.



