
Giridih: अवैध शराब को लेकर छापेमारी करने गयी पुलिस की टीम पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया. घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है जब बिरनी थाना पुलिस शराब कारोबारी के घर छापेमारी करने जनता जरीडीह गांव पहुंची थी. पुलिस की कार्रवाई का ग्रामीणों ने विरोध किया और उनपर पथराव करने लगे. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया. जिसमें कुछ पुलिसकर्मी और ग्रामीण को हल्की चोटें आयी है. जानकारी के मुताबिक भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी.
क्या है मामला
जानकारी के मुताबिक पुलिस को जनता जरीडीह गांव में एक घर में अवैध शराब बेचे जाने की सूचना मिली थी. पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम गुरुवार रात आठ बजे आरोपित छोटन राम के यहां छापेमारी करने पहुंची और तीन पेटी शराब जब्त किया. आरोपित छोटन राम को गिरफ्तार कर थाना ले जा रही थी, तभी घर की महिलाएं पुलिस से उलझ गईं। ग्रामीणों को भारी पड़ता देख पुलिस ने भी लाठियां भांजनी शुरू की और किसी तरह जब्त शराब और छोटन को थाना लेकर गयी.

ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों के मुताबिक छोटन के यहां छापेमारी करने के बाद पुलिस लौट गयी थी. ग्रामीण जरीडीह मुखिया राजामणि सिंह से उनके घर पर इस घटना को लेकर चर्चा कर रहे थे. तभी पुलिस आ धमकी और मारपीट करने लगी. ग्रामीणों ने उनपर पथराव शुरू कर दिया. पुलिस ने भी बल प्रयोग कर ग्रामीणों को खदेड़ने की कोशिश की. भीड़ बेकाबू होता देख पुलिस ने कई राउंड हवाई फायरिंग भी की. पुलिस पर आरोपित के घर में जबर्दस्ती घुसने का भी आरोप लगा है.
सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपी में बिरनी पुलिस ने दर्जन भर से अधिक ग्रामीणों को जेल भेज दिया है. पुलिस ने मुखिया समेत 48 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है. तो सवा सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. गिरफ्तार आरोपियों में नंदकिशोर बरनवाल, नकुल उपाध्याय, रोशन सिंह, बसंत नारायण सिंह, बुलेन्द्र सिंह, बद्री नारायण सिंह, टिकैत राजामणि सिंह समेत कई और आरोपी शामिल हैं.
पुलिस की सफाई
इधर डीएसपी संजय राणा ने कहा कि पुलिस गांव में छापेमारी करने गई थी लेकिन ग्रामीण पुलिस पर पथराव करने लगे. जिससे बिरनी थाना प्रभारी अमरजीत सिंह समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए. पुलिस अपने बचाव में कारवाई की, लेकिन किसी के घर नही घुसी. आधी रात तक मामला नियंत्रण में आ गया था. डुमरी एसडीपीओ मनोज कुमार को भी चोट लगी है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह: जमुआ विधायक और उनके बेटे के खिलाफ गोलबंद हुआ विश्वकर्मा समाज




