GiridihJharkhandLead News

गिरिडीह: आश्रम स्कूल का भवन हैंडओवर हुआ ही नहीं, विधायक ने कर दिया उद्घाटन

Manoj Kumar Pintu

Giridih: आदिवासी छात्रों के लिए सीबीएसई आधारित पाठ्यक्रम की पढ़ाई के लिए बने गिरिडीह के इकलौते आश्रम स्कूल का उद्घाटन एक माह पहले कर दिया गया लेकिन इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन और स्कूल का संचालन करने वाले जिला कल्याण विभाग को भी नहीं है.

गौरतलब है कि एक माह पहले ही जमुआ के भाजपा विधायक केदार हाजरा ने इसका उद्घाटन फीता काटकर किया. राजनीतिक वाहवाही बटोरने के लिए किये गये इस उद्घाटन की तस्वीर एक माह बाद न्यूज विंग के पास आयी है. तस्वीर में उद्घाटन करते हुए जमुआ विधायक केदार हाजरा के साथ भाजपा के जिलाध्यक्ष महादेव दुबे और अध्यक्ष के करीबी सुभाष चन्द्र सिन्हा स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं.

छह करोड़ 28 लाख के लागत से बने जिले के इस इकलौते आश्रम स्कूल के संचालन से जुड़ी खबर को न्यूज विंग ने डेढ़ माह पहले प्रमुखता से प्रकाशित किया था. अब हैरान करने वाली बात सामने आ रही है कि आश्रम स्कूल का उद्घाटन जमुआ विधायक ने बड़े तामझाम के साथ एक माह पहले ही कर दिया था.

इसे भी पढ़ें – गिरिडीह : डुमरी के गांवों में जंगली हाथी ने मचाया कोहराम, फसल और घरों को पहुंचाया नुकसान

शुक्रवार को मामला सामने आने के बाद जब जिला कल्याण पदाधिकारी जर्नादन राम से दूसरे दिन शनिवार को जानकारी ली गयी तो उन्होंने बताया कि जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र में आश्रम स्कूल के उद्घाटन की उन्हें कोई जानकारी नहीं है.

यहां तक कि स्थानीय प्रशासन को भी संभवतः इसकी जानकारी नहीं है क्योंकि आश्रम स्कूल के उद्घाटन के लिए राज्य मुख्यालय से अलग से तिथि दिये जाने की बात कही जा रही थी. स्कूल का भवन अब तक ठेकेदार द्वारा जिला कल्याण विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है.

नियमों के अनुसार हेंडओवर किए जाने के बाद ही इसके उद्घाटन और संचालन की प्रकिया शुरू की जाती है. वैसे इस स्कूल के उद्घाटन को लेकर सीएम हेमंत सोरेन द्वारा किये जाने की बात निकल कर सामने आ रही है. हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पायी है.

बहरहाल, नक्सल प्रभावित इलाका भेलवाघाटी में आदिवासी छात्रों को सीबीएसई आधारित पढ़ाई की शुरुआत करने के लिए केन्द्र सरकार के सहयोग से बने जिस स्कूल का उद्घाटन सीएम द्वारा किये जाने की बात सामने आ रही है, उसका उद्घाटन जमुआ विधायक ने पार्टी के जिलाध्यक्ष समेत अपने करीबियों के साथ एक माह पहले कर दिया.

इसे भी पढ़ें – सुनिए वायरल ऑडियो, जिसमें मंत्री बनाने के लिए इतना खर्च करने का दिया जा रहा ऑफर

इधर जमुआ विधायक केदार हाजरा से जब मामले पर जानकारी ली गयी तो उनका कहना था कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्कूल का निर्माण हुआ है और स्कूल का निर्माण कर रहे संवेदक से भी पता चला कि स्कूल बनकर तैयार हो चुका है. लिहाजा, वे एक माह पहले स्कूल का उद्घाटन कर दिये.

इधर मामले को लेकर जब स्थानीय सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसे किसी योजना का कोई जानकारी भी उन्हें नहीं है. ना ही वे इसकी पुष्टि करेंगे. हालांकि हैंडओवर के पहले उद्घाटन किए जाने पर विधायक सोनू ने सवाल उठाते हुए कहा कि बेहतर रहता अगर प्रशासन और कल्याण विभाग के आपसी तालमेल से लोकार्पण किया जाता. लेकिन यहां लगता है कि सिर्फ राजनीति फायदा उठाने के लिए ऐसा किया गया है. ऐसे में भवन की उपयोगिता क्या होगी, इस पर भी सवाल उठता.

बताते चलें कि छह करोड़ 28 लाख की लागत से भेलवाघाटी इलाके में 18 रूम का आश्रम स्कूल का निर्माण कराया गया. इस स्कूल में कक्षा छह से 10 तक की पढ़ाई होनी है. स्कूल में छात्रों का नामांकन प्रवेश परीक्षा द्वारा लिया जाना है. तीन मंजिला स्कूल भवन में एक साथ ढाई सौ से अधिक छात्रों का नामांकन होना है.

इसे भी पढ़ें – टाटा सफारी से बिहार ले जाया जा रहा था अवैध शराब, चालक गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button