
Ranchi: गोंदलपुरा खनन परियोजना (बड़कागांव- हजारीबाग) के एरिया में सीएसआर के तहत अदाणी फाउंडेशन ने गोद लिए 70 नए टीबी मरीजों के बीच शनिवार को चौथे चरण का पोषण किट वितरित किया. बड़कागांव स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इन सभी मरीजों को चौथे चरण का पोषण उपलब्ध कराया गया. ‘प्रधानमंत्री निक्षय पोषण योजना’ के तहत पोषक आहार किट पाकर टीबी मरीज उत्साहित नजर आए. इस अवसर पर बड़कागांव के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अविनाश कुमार ने कहा कि अदाणी फाउंडेशन लगातार टीबी के मरीजों के लिए पोषण किट मुहैया करा रहा है. यह सराहनीय है.
उन्होंने मरीजों से इन पोषण किट के सेवन की अपील की और कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है. पोषण युक्त भोजन करने से यह बीमारी जल्द ठीक हो जाती है. इसलिए पोषण युक्त आहार लेना बेहद जरूरी है. श्री कुमार ने ग्रामीणों से जरा सा भी लक्षण पता चलने पर टीबी की जांच तुरंत करवाने की अपील की. कहा कि इस बीमारी का इलाज है, इसलिए इसे छिपाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अदाणी फाउंडेशन का पोषण किट गुणवत्तापूर्ण है. इसकी मात्रा भी बेहतर है.
देश को टीबी मुक्त बनाने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने देश को टीबी मुक्त बनाने की भी शपथ ली. सबने एक स्वर में कहा कि अपने मोहल्ले, गांव और शहर को टीबी मुक्त बनाना है. ‘प्रधानमंत्री निक्षय पोषण योजना’ के तहत बांटे गए इस किट में एक-एक किलो हॉर्लिक्स, च्वयनप्राश, अरहर दाल, चना, गुड़, हरा मूंग और सरसो तेल जैसी आहार सामग्रियां शामिल थीं. ये सभी मरीज बड़कागांव प्रखंड के विभिन्न गावों के हैं, जिन्हें अदाणी फॉउंडेशन ने गोद लिया है. इससे पहले गोद लिए गए 60 टीबी के अधिकतर मरीज स्वस्थ हो चुके हैं.




