
Giridih : जनसमस्याओं के मुद्दे पर हेमंत सरकार को घेरने के प्रयास में जुटी गिरिडीह की भाजपा कमिटी फिलहाल खुद ही महिला मोर्चा के आंदोलन में घिर चुकी है. बुधवार को एक तरफ जनमुद्दों से जुड़ी मांगों को लेकर पार्टी द्वारा सदर प्रखंड समेत कई प्रखंडों में धरना दिया गया, तो दूसरी तरफ महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शहर में सड़क पर उतरकर जिलाध्यक्ष महादेव दुबे के खिलाफ मोर्चा संभाल लिया. महिलाओं ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से जिलाध्यक्ष महादेव दुबे को बर्खास्त करने की मांग की है.
जिलाध्यक्ष पर लगाया घूसखोर होने का आरोप
भाजपा महिला मोर्चा के इस प्रदर्शन के साथ ही भाजपा की अंदुरूनी लड़ाई अब सड़क पर सार्वजनिक हो चुकी है. बुधवार को प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की अध्यक्ष अंजु देवी, जिला मंत्री नीतू शोला के अलावा सरिता शर्मा, प्रेमा तिवारी, रीना मंडल, लता वर्मा, ममत वर्मा, रीना शर्मा, वीणा देवी और कांति देवी समेत काफी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने घूसखोर, दलाल और पार्टी में गुटबाजी पैदा करने समेत कई गंभीर आरोप जिलाध्यक्ष महादेव दुबे पर लगाते हुए प्रदेश नेतृत्व से अध्यक्ष को बरर्खास्त करने की मांग की.
इसे भी पढ़ें : मोदी सरकार बुजुर्ग यात्रियों पर मेहरबान, एअर इंडिया के टिकट आधे दाम में
हाथों में तख्तियां लिये महिला कार्यकर्ताओं की टोली झंडा मैदान से निकली और अध्यक्ष समेत जिला कमिटी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की नेत्रियों ने कहा कि पीएम मोदी और अमित शाह उनके आदर्श हैं, लेकिन प्रदेश नेतृत्व ने जिला प्रमुख की कमान सोचे-समझे बगैर एक गलत हाथों में सौंप दी है. महिला मोर्चा का आंदोलन जिला कमिटी और जिलाध्यक्ष के खिलाफ लगातार जारी रहेगा.




