
Palamu/Garhwa : राज्य की विपक्षी पार्टी झामुमो पूरे दमखम के साथ इस बार विधानसभा चुनाव में उतरी है. पार्टी का एक मात्र चेहरा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन लगातार जनसभा कर रहे हैं. रविवार को उन्होंने गढ़वा विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी मिथिलेश ठाकुर के समर्थन में मेराल में चुनावी सभा की. इस दौरान उन्होंने कई लोकलुभावना वादे किये.
इसे भी पढ़ेंः #SardhaChitFundScam सीबीआइ ने मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराये गये पैसे के बारे में मांगी रिपोर्ट
मेराल हाई स्कूल के मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में अगर उनकी सरकार बनी तो मेराल के ओखरगाड़ा को प्रखंड तथा पलामू को झारखंड की उप राजधानी बनायेंगे. उन्होंने कहा कि राज्य की रघुवर सरकार ने पिछले पांच साल में झारखंड के लोगों के विकास के पैसे को लूट खसोट कर अपनी तिजोरी भरने का काम किया है.
राज्य को विकास कार्यों के लिए केंद्र सरकार ने 5 लाख करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन सरकार के मंत्री व विधायकों ने विकास कार्यों के बदले अपनी तिजोरी में डालने का काम किया. किसान आज भी सिंचाई सुविधा के लिए तरस रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः Deputy CM #AjitPawar का ट्वीट, #PMModi को थैंक्यू बोला, शरद पवार को अपना नेता बताया, कहा, NCP में हूं
पलामू प्रमंडल के लोग ठगे गये हैं
हेमंत ने कहा कि भाजपा की सरकार ने पलामू प्रमंडल के लोगों को ठगने का काम किया है. उन्होंने सरकार की नियोजन नीति की आलोचना करते हुए कहा कि महागठबंधन की सरकार बनी तो झारखंड के सभी वर्ग के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सभी तरह की मदद करेगी.
सरकार बनते ही मुख्यमंत्री-मंत्री जेल में आयेंगे नजर
प्रत्याशी मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि अगर महागठबंधन की सरकार बनी तो डेढ़ माह के अंदर मुख्यमंत्री तथा मंत्री जेल में नजर आएंगे. उन्होंने मतदाताओं को लोक लुभावनी अंदाज में कहा कि सरकार बनते ही जन प्रणाली दुकान में 10 रूपये में धोती, साड़ी तथा सभी प्रखंडों में 5 रुपये में भरपेट भोजन के लिए दाल भात योजना चालू करने सहित कई जनहित की योजनाएं चालू करने की घोषणाएं की.
कहा कि लगातार दो बार चुनाव हारने के बाद भी 10-12 साल से गढ़वा विधानसभा के लोगों की सेवा करते रहा हूं, परंतु आपने जिसको विधायक बना कर भेजा वह सिर्फ 2 महीना आपके बीच में आकर पैसे तथा अन्य प्रलोभन देकर एक बार फिर विधायक बनने का प्रयास कर रहा है जिसका मुंह तोड़ जवाब देना है.
इन्होंने भी किया सभा को संबोधित
कार्यक्रम को भवनाथपुर से महागठबंधन के प्रत्याशी के.पी यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार तूफानी, राजद जिलाध्यक्ष जमरूद्दीन अंसारी, जेएमएम जिला अध्यक्ष तनवीर आलम खां, भाकपा माले नेता कालीचरण मेहता, नेत्री सुषमा मेहता, कांग्रेसी नेता अलख निरंजन चैबे, बाल्मीकि चैबे, डॉ यासीन अंसारी, आनंद विश्वकर्मा, झामुमो प्रवक्ता धीरज दुबे, आशुतोष पांडे, मेदनी खान, दिनेश प्रसाद, डीपी सिंह मेराल के प्रखंड प्रमुख विकास सिंह कुशवाहा सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम का संचालन युवा नेता अतहर अली ने किया.
इसे भी पढ़ेंः Kolkata : बंगाल की तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव सोमवार को, केंद्रीय जवानों की 20 कंपनियां तैनात




