
Ghatshila : पति की धोखेबाजी और दगाबाजी के कारण जहर खाने वाली घाटशिला काड़ाडूबा की वंदना की इलाज के क्रम में सोमवार की सुबह एमजीएम अस्पताल में मौत हो गई है. उसने रविवार की सुबह जहर खा लिया था. जहर खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ने पर एमजीएम अस्पताल में इलाज के लिए उसे भर्ती कराया गया था.
मृतका की मां दामाद पर कराएगी केस
घटना के संबंध में मृतका की मां का कहना है कि वह अब इस मामले को लेकर थाने में जाएगी और वहां पर दामाद साजन सरदार के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कराएगी.
रविवार को पुलिस ने भगा दिया था थाने से
मृतका की मां का कहना है कि रविवार को घाटशिला पुलिस ने उसे थाने से भगा दिया था. वह आरोपी दामाद के खिलाफ शिकायत लेकर गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को पारिवारिक विवाद का बताकर उसे थाने से भगा दिया था.
आज एसएसपी से मिलने वाली थी
घाटशिला थाने में शिकायत नहीं लेने पर परिवार के लोग सोमवार को एसएसपी डॉ एम तमिल वणन से मिलने वाले थे. इसके पहले ही वंदना की मौत अस्पताल में हो गई. इसके बाद परिवार के लोग शोक में आ गए हैं.
डेढ़ साल के बाद दूसरी औरत को घर लाया
वंदना की मां का कहना है कि साजन सरदार के साथ डेढ़ साल से वंदना रह रही थी. 5 दिनों पूर्व साजन दूसरी औरत को घर लेकर आया और शराब पिलाने के बाद वंदना से कहा कि तुम घर छोड़कर चली जाओ. इसके बाद ही वंदना ने अपना आपा खो दिया और जहर खा लिया.
साजन ने रविवार को ही की शादी
साजन सरदार के बारे में बताया गया कि उसने रविवार की शाम को ही अपनी शादी दूसरी औरत से धूमधाम से कर ली है. इसकी जानकारी गांव के लोगों को भी है. अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में किस तरह की कार्रवाई करती है. आरोपी के खिलाफ पुलिस आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज करती है या मामले को रफा-दफा कर देती है. इसका खुलासा तो आने वाले समय में ही होगा.




