
Palamu/Garhwa : गढ़वा जिले में एक भतीजे ने अपनी चाची को प्रेम जाल में फंसाकर चाचा से तलाक करवा दिया और लंबे रिलेशन के बाद जब चाची ने शादी का दबाव बनाया तो ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी.
रिश्ते को शर्मसार करने वाले इस पूरे मामले के आरोपी भतीजे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में प्रयुक्त रॉड सहित अन्य सामान भी जब्त किये गये हैं.
क्या है पूरा मामला?
गढ़वा जिले के रंका थाना के खपरो गांव का सद्दाम अपनी चाची से ही प्यार करता था. यह बात जब उसके चाचा हबीबुल्लाह अंसारी को पता चली तो उसने पत्नी को तलाक दे दिया. इसके बाद सद्दाम लंबे समय तक चाची के साथ रिलेशन में बना रहा.
लेकिन जब चाची ने शादी करने की बात कही तो सद्दाम ने उसे मेराल बुलाया और उसकी हत्या कर दी.
इसे भी पढ़ें : धनबाद : झरिया मारवाड़ी सम्मलेन के चुनाव में समर्थकों के बीच विवाद, जमकर चले लात-घूंसे
2006 में हुआ था निकाह
जानकारी के अनुसार मेराल थाना के छवनवा टोला की अफसरी खातून का विवाह 2006 में खपरो गांव के हबीबुल्लाह अंसारी के साथ हुआ था. शादी के बाद जब अफसरी अपने ससुराल पहुंची तो अपने पति के भतीजा सद्दाम अंसारी के साथ प्रेम करने लगी.
हबीबुल्लाह ने अपनी पत्नी को भतीजे के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया और तलाक दे दिया. उसके बाद अफसरी और सद्दाम खुलकर मिलने-जुलने लगे.
लगातार शादी का आश्वासन देता रहा सद्दाम
अफसरी के आग्रह पर सद्दाम शादी करने का आश्वासन देता रहा. गत चार जुलाई को गढ़वा कोर्ट में शादी कर लेने का झांसा देकर अफसरी को गढ़वा बुलाया. रात्रि में अपनी ट्रक में बैठाकर मेराल ले गया एवं एक होटल में खाना खिलाया. इसी दौरान दोनों में शादी को लेकर विवाद शुरू हो गया.
इसे भी पढ़ें : अग्रवाल समाज के सम्मेलन में सहमति- शादियों का निमंत्रण वाट्सएप पर दें, निमंत्रण के साथ मिठाई का डिब्बा भी नहीं दें
शादी करने के बहाने बुलाकर मार डाला
सद्दाम ने गाड़ी में ही रॉड से मारकर अफसरी को घायल कर दिया. अचेतावस्था में उसे गाड़ी से नीचे फेंक दिया. उसके बाद वह उसके उपर ट्रक चढ़ा दिया. इससे अफसरी की मौत हो गयी. पुलिस ने पांच जुलाई को लातदाग स्थित एनएच 39 (पुराना 75) से एक अज्ञात महिला की लाश बरामद किया था.
हत्या में प्रयुक्त रॉड, मोबाइल बरामद
उसकी तहकीकात पूरी हुई तो डीएसपी मुख्यालय संदीप गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका खुलासा किया. डीएसपी ने बताया कि सद्दाम को गढ़वा से गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से दो मोबाइल, हत्या में उपयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद की गयी है.
केस के उद्भेदन में की गई छापेमारी में मेराल थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय, एसआई रामकृष्ण सिंह, एएसआइ लालबहादुर के साथ सशक्त बल के जवान मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें : प्रेम प्रसंग में हुई थी गोलू की हत्या, एक महिला समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल




