
Dhanbad : झरिया में गुरुवार को मारवाड़ी सम्मलेन चुनाव के दौरान वोटिंग को लेकर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया. चुनाव को लेकर सुबह से ही गहमा-गहमी का माहौल था. इसी दौरान शाम चार बजे दो दलों के बीच अवैध रूप से दे रहे वोट को ले कर जम कर गाली-गलौज होने लगी. लात-घूंसे चलने शुरू हो गये.
सुनील सांवरिया समर्थक सुदर्शन पिलानिया ने ओपी अग्रवाल के समर्थक दिनेश शर्मा पर हमला कर दिया. दोनों के समर्थकों के बीच मारपीट शुरू हो गयी. झरिया पुलिस के अधिकारी सुबोध कुमार सिंह व विजय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच मामले को शांत कराया.
दिनेश अग्रवाल ने बताया कि सुनील सांवरिया और उसके समर्थक अवैध रूप से वोट दे रहे थे. जब इसकी शिकायत की तो सुदर्शन पिलानिया गाली गलौज करने लगे. जब इसका विरोध किया तो मारपीट करने लगे. लोगों को आता देख सुदर्शन पिलानिया भीड़ का फायदा उठाकर भाग गये.
इसे भी पढ़ें : अग्रवाल समाज के सम्मेलन में सहमति- शादियों का निमंत्रण वाट्सएप पर दें, निमंत्रण के साथ मिठाई का डिब्बा भी नहीं दें
15 सौ प्रतिनिधियों ने दिया वोट
चुनाव सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चला. लगभग 15 सौ प्रतिनिधियों ने वोट दिया. मतगणना शुरू हो गयी है. रात लगभग 10 बजे तक चुनाव परिणाम लोगों के सामने होगा.
यहां बता दें कि मारवाड़ी सम्मेलन मे लगभग छह दशक से अध्यक्ष पद का चुनाव सर्वसम्मति के आधार पर होता रहा है. वर्ष 2016 में अध्यक्ष पद पर किसी एक की सहमति नही होने के कारण चुनाव कराना पड़ा.
तीन वर्ष बाद 2019 में 22 अगस्त गुरुवार को हुए चुनाव में अध्यक्ष पद के तीन उम्मीदवार मैदान में है. डॉ ओपी अग्रवाल, सुनील सावड़िया एवं रतन अग्रवाल. तीनों ही उम्मीदवार जानेमाने लोग हैं.
इसे भी पढ़ें : पलामू : पंचायत के फरमान के बाद आत्महत्या मामले में DSP ने लिया बयान, आरोपियों की खोज में छापामारी तेज




