
Ranchi : राम मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर पूरे देश में लोग उत्साहित हैं. इस खुशनुमा माहौल के बीच सोशल मीडिया पर राम के नाम पर ठगी गैंग सक्रिय हो गया है. अबतक ठगी के कई रूप सामने आ चुके हैं. लेकिन अब ठगी करनेवाले गिरोह ने ठगी का नया फार्मूला तैयार कर लिया है. देश में ऐसे कई मामले सामने आये हैं जहां पर अयोध्या, श्रीराम के मंदिर और उनकी प्राण प्रतिष्ठा के नाम पर सोशल मीडिया पर अकाउंट बनाये जा रहे हैं और इन अकाउंट के जरिए लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं. फर्जी क्यूआर कोड शेयर करके भी दर्शन कराने के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है. राम मंदिर के उद्घाटन के पहले ही जालसाजों ने उनके नाम पर धोखाधड़ी शुरू कर दी है. श्रीराम के वीवीआइपी दर्शन कराने का झांसा देकर जालसाज राम जन्म भूमि गृह संपर्क अभियान नामक एप्लीकेशन (एपीके) डाउनलोड करने के बाद बैंक खातों को खाली कर रहे हैं. गृह मंत्रालय ने देश भर में एडवाइजरी जारी की है. साइबर अपराध को रोकने के लिए गृह मंत्रालय ने एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में एक शख्स कहता है कि उसे वाट्सएप पर 22 जनवरी को होनेवाले राम मंदिर के उद्घाटन का वीआइपी एक्सेस मिल गया है. इसमें दूसरा युवक उससे पूछता है कि यह उसे कैसे मिला. पहला युवक कहता है कि व्हाट्सएप पर मिला है. फिर दूसरा युवक कहता है कि राम मंदिर के उद्घाटन से पहले ही वीआइपी एक्सेस मिल गया. फिर दूसरा युवक बताता है कि श्री राम के नाम पर देशभर में बड़ा स्कैम हो रहा है. इस एपीके की वजह से उसका मोबाइल व बैंक अकाउंट हैक हो सकता है.
एप्लीकेशन डाउनलोड करा रहे हैं ठग, सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर
जालसाज मैसेज भेज कर एपीके डाउनलोड करने के लिये कहता है. इस एप्लीकेशन को डाउनलोड करते ही मोबाइल हैंग हो जाता है. ऐसे में आइ4सी ने लोगों को जागरूक रहने की सलाह दी है. आइ4सी ने इस (Video) को सभी राज्यों की पुलिस को भेजा है. हालांकि इससे संबंधित मामले झारखंड में इस तरह की शिकायत नहीं आयी है. पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रख रही है.
इसे भी पढ़ें – ओरमांझी-गोला-जैनामोड़ फोर लेन एक्सप्रेस-वे के काम में तेजी, 100 किमी रफ्तार से फर्राटा भरेंगे वाहन



