
Ghatshila : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता के निर्देश पर प्रखंड कार्यालय में बुधवार को बीडीओ सीमा कुमारी की अध्यक्षता में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मनोज कुमार के साथ प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय शाह और जिला प्रवक्ता शमशेर खान की उपस्थिति में बैठक की गयी. बैठक में प्रखंड कार्यालय के समीप के उप-स्वास्थ्य केंद्र को लेकर चर्चा हुई. कांग्रेसियों ने कहा कि पिछले दिनों स्वास्थ्य मंत्री ने मुसाबनी उप स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया था. निर्देश दिया था कि इसे सुचारू रूप से चलाया जाए. डॉक्टर की नियुक्ति की जाए. बावजूद यहां किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध नहीं है. मात्र एक कंपाउंडर के भरोसे यह उप-स्वास्थ्य केंद्र किसी तरह चल रहा है. कांग्रेसियों ने मांग की कि उप-स्वास्थ्य केंद्र में 24 घंटे डॉक्टर की उपस्थिति अनिवार्य की जाये. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि जल्द ही इसका प्रस्ताव बनाकर जिला को भेजा जाएगा. इसकी एक प्रतिलिपि बीडीओ को उपलब्ध करायी जायगी. तबतक वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए सप्ताह में 3 दिन इस उप स्वास्थ्य केंद्र में आधा बेला डॉक्टर बैठेंगे. बीडीओ सीमा कुमारी ने कहा कि यह उप-स्वास्थ्य केंद्र आसपास के ग्रामीणों के लिए काफी जरूरी है. यहां डॉक्टरों के नियमित रूप से बैठने पर ग्रामीणों को ईलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. बैठक में संजय शाह, शमशेर खान, लक्ष्मण चंद्र बाग, कृष्णा पातर, सिकंदर शाह, मोसेस डेनियल, मोहम्मद मुस्तकीम, मोहम्मद अली आदि मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें- पोटका के कुलडीहा में किया गया परिसंपत्तियों का वितरण




