
Garhwa : जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के केतार मुख्य पथ पर दुधवनिया घाटी में एक पुलिया से सोमवार को बोरे में बंद एक व्यक्ति की लाश क्षत विक्षत बरामद की गयी. शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही. शव बोरी में बंद कर तिरपाल से ढका हुआ था. सड़े गले अवस्था में रहने के कारण शव की पहचान नहीं हो पायी है. सूचना पर भवनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. शव पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया है.
जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह गांव के ही कुछ ग्रामीण बकरी चराने दुधवनिया घाटी की तरफ गये हुए थे. बकरी चराने के क्रम में पुलिया के अंदर से दुर्गन्ध आने पर उन लोगों ने अंदर झांक कर देखा तो, उन्हें तिरपाल में लिपटा हुआ कुछ दिखाई दिया. शव होने की आशंका पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गयी. ग्रामीणों ने इसकी सूचना भवनाथपुर थाने को दी.
सूचना मिलते ही श्रीबंशीधर नगर एसडीपीओ प्रमोद कुमार केशरी, भवनाथपुर पुलिस निरीक्षक चंदन कुमार सिंह, थाना प्रभारी सतीश कुमार महतो, एसआई सहदेव साह, केतार थाना प्रभारी संतोष कुमार रवि, हरिहरपुर ओपी प्रभारी सौकत खां, पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा पुलिया के अंदर बोरे में बंद कर तिरपाल से ढका हुआ शव को बाहर निकलवाया.
शव पूरी तरह से सड़ जाने के कारण शिनाख्त नहीं हो सकी है. पुलिस आस पास के थानों में मिसिंग केस की जानकारी ले रही है. मौत के कारणों का भी पता लगा रही है.
इसे भी पढ़ें : खूंटी पुलिस ने सर्च अभियान के दौरान PLFI के तीन नक्सलियों को किया गिरफ्तार




