
Jamshedpur : दक्षिण पूर्व रेलवे में जीएम का प्रभार संभालने के बाद अर्चना जोशी सोमवार को पहली बार टाटानगर स्टेशन पर उतरीं और स्टेशन का जायजा लिया. इसके अलावा उन्होंने हल्दीपोखर हॉल्ट स्टेशन का भी जायजा लिया. हल्दीपोखर स्टेशन को मॉडल लूक देने की योजना रेलवे की ओर से बनाई गई है. साथ ही हल्दीपोखर होकर ही पुरी के लिए शार्टकट रेल मार्ग निकालने पर रेलवे की ओर से पहल किए जाने की योजना है.

स्टेशन के इन जगहों को देखा
रेल जीएम ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सेकेंड इंट्री गेट, पार्किंग स्थल, गॉर्ड लॉबी, साइकिल स्टैंड, पार्सल के अलावा प्लेटफार्म को भी देखा. प्लेटफार्म पर कुछ जगहों पर बारिश का पानी रिस रहा था. इसके बारे में भी उन्होंने पूछा कि यह सब क्या है.

चालू वर्ष में सेकेंड एंट्री का काम पूरा करने का निर्देश
रेल जीएम अर्चना जोशी ने टाटानगर स्टेशन का जायजा लेने के बाद कहा कि सेकेंड एंट्री गेट को अगले दो माह में ही पूरा कर लेने को कहा गया है. इसक लिए ठेकेदार को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
पार्किंग स्टैंड में बेहतर सुविधा देने की योजना
रेल जीएम ने स्टेशन के पार्किंग स्थल पर देखा कि सभी गाड़ियां बारिश में भींगकर खराब हो रही है. इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पार्किंग में शेड की व्यवस्था होनी चाहिए. रेलवे अगर पार्किंग के लिए पैसा लेती है तो वाहन मालिकों को उसके हिसाब से सुविधाएं भी मिलनी चाहिए.

टाटा-पुरी शार्टकट रेलमार्ग को चालू करने में स्लम बस्ती का पेंच
टाटानगर स्टेशन के पुरी जाने के लिए हल्दीपोखर होकर शार्टकट रेलमार्ग बनाने की योजना रेलवे की ओर से डेढ़ दशक पहले ही शुरू की गई थी. इस दिशा में पहल भी की गई थी. स्लम बस्तियां रेलवे लाइन के आस-पास आने के कारण रेलवे को इस अभियान पर विराम लगाना पड़ा था. इस बार फिर उसी तरह की समस्या रेलवे के पास फिर से आने वाली है, लेकिन रेलवे की ओर से इस बार जिला प्रशासन के सहयोग से इस काम को पूरा करने की योजना बनाई जा रही है.
इसे भी पढ़ें- गोविंदपुर में ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर दुकानदारों से ठगी करनेवाला पकड़ाया




