
Ranchi: मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह के निर्देश के आलोक में बाजार समिति, जमशेदपुर के प्रयास से बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े पूर्वी सिंहभूम एवं पाकुड़ जिला के किसानों के द्वारा उत्पादित आम को सऊदी अरब के ज़ेद्दा और रियाद शहर में निर्यात किया गया है. यह निर्यात ऑल सीजन फार्म फ्रेश संस्था के द्वारा किया गया है. झारखंड राज्य के लिए पहला मौका था जब आम का निर्यात दूसरे देशों में किया गया है. यह आम को जेद्दा और रियाद शहर में आयोजित मैंगो मानिया फेस्टिवल में प्रदर्शित किया गया जहां राज्य के द्वारा भेजे गए आम के स्वाद को फेस्टिवल में भाग लेने वाले विदेशियों के द्वारा काफी सराहा गया. मैंगो फेस्टिवल का आयोजन लुलु हाइपर मॉल में 14 से 17 जुलाई तक आयोजित था जिसका उद्घाटन काउंसिल जनरल ऑफ़ इंडिया जेद्दा एचपी फहद अहमद खान एवं रियाद में डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबू मैथन जॉर्ज ने किया. आयोजित मैंगो फेस्टिवल के संबंध में भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत एपेडा (कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकार) द्वारा ट्वीट करते हुए बताया गया है कि झारखंड द्वारा निर्यात किए गए प्रीमियम आम की स्वाद की काफी सरहना की गई है. राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा भी किसानों के सशक्तिकरण हेतु बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित आम कि निर्यात को काफी सराहा गया है.
मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष रविंद्र सिंह के मुताबिक, आने वाले दिनों में राज्य के किसानों को निर्यात के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण आयोजित कर प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि किसानों द्वारा उत्पादित उपज का अधिक से अधिक निर्यात किया जा सके जिससे उन्हें अधिक से अधिक मुनाफा भी मिले.



