
Dhanbad: जिले के पूर्वी टुंंडी प्रखंड अन्तर्गत रामपुर पंचायत के डोरवाडीह गांव में शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे हुई एक घटना में करंट की चपेट में आने से बुजुर्ग बाप-बेटे की मौत हो गई. मृतक बुजुर्ग रिटायर्ड चौकीदार था, जबकि एक अन्य मृतक कृष्णा रजक उसका मंझला बेटा था. घटना को लेकर मृतक के दूसरे बेटे राम कुमार रजक ने बताया कि उसके 80 वर्षीय बुजुर्ग पिता रसीक रजक घर के पीछे स्थित कुंए से नहाकर लौटे और लोहे की तार पर अपने भीगे कपड़े सुखाने के लिए डालने के दौरान ही वह करंट की चपेट में आ गए. पिता को छटपटाता देख उनका 42 वर्षीय मंझला बेटा कृष्णा रजक उन्हें बचाने दौड़ा. कृष्णा ने जैसे ही पिता को हाथ लगाया वह भी करंट की चपेट में आ गया. आनन-फानन में बिजली कनेक्शन काट कर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बेहोशी की हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मामले की छानबीन में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें: गोड्डा में एसबीआई के बक्सरा शाखा में चोरी करने वाला दो आऱोपी गिरफ्तार




