
Ranchi: राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित कुटे में बने झारखंड विधानसभा के नये भवन में बुधवार की रात अचानक आग लग गयी. आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
झारखंड विधानसभा के नये भवन में आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर अग्निशमन विभाग के तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंच कर आग बुझाने में जुट गये हैं. रात नौ बजे आग पर काबू पा लिया गया.
शॉर्ट सर्किट होने की आशंका
झारखंड विधानसभा के नये भवन में आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है. हालांकि अभी तक इसका सही रूप से पता नहीं चल पाया है कि आग लगने की मुख्य वजह क्या है. मौके पर फायर बिग्रेड की टीम के अलावे कई अधिकारी भी पहुंचे.
आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. आग बुझाने के बाद ही पता चल पायेगा कि आग लगने की वजह से कितनी क्षति हुई है. इसका सही आकलन किया जायेगा.
19 साल बाद झारखंड को मिला है अपना विधानसभा का नया भवन
झारखंड राज्य को 19 साल बाद विधानसभा भवन की सौगात मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 सितंबर को झारखंड में नवनिर्मित विधानसभा भवन का उद्घाटन किया था. झारखंड विधानसभा का नया भवन 39 एकड़ भूमि पर फैला हुआ है और 465 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है.
इसमें 162 विधायकों के बैठने की क्षमता है. बता दें कि झारखंड राज्य के गठन से लेकर अब तक झारखंड विधानसभा किराये पर एचईसी के लेनिन हॉल में संचालित थी. नये विधानसभा भवन के उद्घाटन के बाद 13 सितंबर को नये विधानसभा भवन में ही विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया था.
इसे भी पढ़ें – #JIO ने पेश किये नये टैरिफ प्लान, पहले की तुलना में 39% तक महंगे



