
Jamshedpur : जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में उस वक्त अफरा–तफरी मच गई जब वार्ड के डायलिसिस सेंटर के मेन स्विच बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. शॉर्ट सर्किट से तेज की आवाज हुई. आवाज सुनकर अस्पताल में भर्ती मरीजों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई. हालांकि, अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए अग्निशमन यंत्र का उपयोग करते हुए आग पर काबू पा लिया जिससे एक बड़ी घटना होने से बच गई.

इधर सूचना पाकर गोलमुरी अग्निशमन विभाग से एक दमकल भी अस्पताल पहुंची पर तब तक आग पूरी तरह बुझ चुकी थी. थोड़ी देर बाद मौके पर अस्पताल के अधीक्षक अरुण कुमार भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली. जानकारी देते हुए डायलेसिस सेंटर में मौजूद कर्मी नुरैन मुस्तख ने बताया कि वे वार्ड में काम कर रहे थे तभी अचानक से जोर की आवाज हुई. वो दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे तो पाया की बिजली के तारों में आग लगी हुई है. उन्होंने यंत्र का इस्तेमाल करते हुए उसे बुझा दिया. इधर मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के राजीव शर्मा ने बताया कि उन्हे घटना की सूचना मिली थी. सूचना पाकर वे अस्पताल पहुंचे पर आग पर पहले ही काबू पा लिया गया था.




