
Chatra: पांच वर्षों से बेड पर पड़े लाचार व बेबस 80 वर्षीय नेत्रहीन वृद्ध पर कुंदा थाना में एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस व वन विभाग का मानना है कि वृद्ध ने पोस्ता की खेती की है.
पुलिस ने दारी गांव के 80 वर्षीय गुठाली भुइयां को पोस्ता की खेती करने के मामले में नामजद अभियुक्त बनाया है जबकि गुठली भुइयां की आंख की रोशनी 5 साल पूर्व ही चली गयी थी. तब से वह बेड पर पड़ा रहता है. शौच भी करने के लिए उसे दूसरों का सहारा लेना पड़ता है.
इसे भी पढ़ें :आजाद भारत में पहली बार महिला को दी जायेगी फांसी, सात परिजनों को कुल्हाड़ी से काट डाला था
6 फरवरी को वन विभाग व पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर पोस्ते की खेती नष्ट की थी, जिसमें 10 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया. इसमें गुठाली पर भी पोस्ता की खेती करने का मामला दर्ज कराया गया.
यह जानकारी जब गुठाली को दी गयी तो उसका कहना था कि मैं तो अंधा हूं. केस करने वाले भी अंधे हो गये हैं क्या? उन्होंने कहा कि आज तक मैंने पोस्ता नहीं देखा है.
गुठाली पर मामला दर्ज किये जाने की चर्चा पूरे प्रखंड में हो रही है. लोगों का कहना है कि पुलिस पोस्ता की खेती करने वाले लोगों को छोड़कर निर्दोष नेत्रहीन के खिलाफ मामला दर्ज कर रही है. सही में पोस्ता की खेती करने वाले लोग बच रहे हैं.
इससे पूर्व कुंदा थाना में कांड संख्या 05/19 क्षेत्र के सिकीदाग गांव के स्व विश्वनाथ गंझू पर एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया था.
क्या कहते हैं रेंजर?
हंटरगंज वन क्षेत्र पदाधिकारी सूर्यभूषण कुमार ने कहा कि इसकी कुंदा थाना को दे दी गई है. पुलिस का काम है अनुसंधान करना. पुलिस जांच में दोषी होगा तो कार्रवाई होगी और निर्दोष होगा तो बच जाएगा. नेत्रहीन व्यक्ति भी पूंजी लगाकर खेती कर सकता है इस मामले की जांच की जाएगी.
क्या कहते हैं कुंदा थाना प्रभारी
थाना प्रभारी बंटी यादव ने कहा कि वन विभाग द्वारा मामला दर्ज कराया गया है जिसमें गुठाली भुइयां का भी नाम शामिल है. इस मामले की जांच की जाएगी. अनुसंधान कर उसका नाम हटाया जाएगा.
इसे भी पढ़ें :मंत्री जगरनाथ महतो ने गडकरी को सौंपा मांग पत्र, गिरिडीह में सड़कों की दशा सुधारने की मांग




