
Ranchi: जुआ खेल रहे पुलिसकर्मियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामला शनिवार देर रात की है जब एसएसपी चंदन सिन्हा को जानकारी मिली कि कुछ पुलिसकर्मी किराए के कमरे में एक साथ इक्ट्ठा होकर जुआ खेलने और खेलाने का काम कर रहे हैं. आननफानन में गोंदा थाना की विशेष टीम ने सूचना का सत्यापन करते हुए मौके पर छापेमारी की और कई पुलिसकर्मियों को मौके से हिरासत में लिया. इन सभी पुलिसकर्मियों को गोंदा थाना में रखा गया है. गोंदा थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि फिलहाल इस संबंध में आवश्यक जांच की जा रही है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर इस मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी.
पूर्व सीएम ने ट्विट कर साधा निशाना
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोशल साइट एक्स पर लिखा कि “रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में कल देर रात पुलिसकर्मी सहित अन्य लोग जुआ खेलते पकड़े गए.ये पुलिस कर्मी खुद भी जुआ खेल रहे थे और खेलवा रहे थे. इस पूरे प्रकरण में सबसे खास बात यह है कि इनमें कुछ पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री आवास में कार्यरत हैं और इस बात को पूरी तरह से छिपाया जा रहा है. किसी भी तरह से मामले को रफा दफा करने की कोशिश जारी है.”
राँची के गोंदा थाने क्षेत्र में कल देर रात पुलिसकर्मी समेत अन्य लोग जुआ खेलते पकड़े गये हैं. ये पुलिसकर्मी ख़ुद भी जुआ खेल रहे थे और खेलवा भी रहे थे…इस पूरे प्रकरण में सबसे ख़ास बात यह है कि इनमें से कुछ पुलिसकर्मी मुख्यमंत्री आवास में कार्यरत हैं और इस बात को पूरी तरह से छिपाया…
— Babulal Marandi (@yourBabulal) November 26, 2023
इसके बाद बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी हमला बोला. उन्होंने लिखा कि “जिस तरह से राज्य का मुखिया सुबह से रात तक बस चोरी और हेरा फेरि का गोरखधंधा करने में लगा हो,वहाँ ठीक उसके नाक के नीचे काम करने वाले को ऐसा अपराध करने का ऑक्सीजन मिलता रहता है. जब बॉस ही राज्य के साथ रोज जुआ खेले तो चेला क्यों पीछे हटेगा”.




