
Palamu: आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस है. महिलाओं के संरक्षण और सुरक्षा का संकल्प लिया गया. इस बीच एक कलयुगी पिता ने अपनी 16 साल की बेटी की हत्या कर उसके शव को दफना दिया. तीन दिन बाद शुक्रवार को उसका शव मिट्टी खोदकर निकाला गया. एमआरएमसीएच में पोस्टमार्टम कराया गया. हत्या के बाद से पिता फरार बताया जाता है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी में जुटी हुई है. उसके पकड़े जाने के बाद यह स्पष्ट होगा कि किशोरी की हत्या क्यों की गयी थी?
जिला मुख्यालय से सटे चैनपुर थाना क्षेत्र के सलतुआ और ढोटी के बीच कमकरवा ढोढा में दफनाकर रखे गए 16 वर्षीय पम्मी कुमारी का शव बरामद किया गया. पम्मी की हत्या का आरोप उसके पिता मथुरा सिंह पर लगाया गया है. तीन दिन पहले डेड बॉडी दफनाये जाने के कारण सड़ गयी थी. निकालने के बाद उससे भयंकर बदबू आ रही थी, जिस जगह पम्मी को दफनाया गया था, वहां पर उसके पिता को गांव वालों ने मिट्टी डालते हुए देखा था. पम्मी के गायब रहने और उसके घर से एक किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में मथुरा सिंह द्वारा नयी मिट्टी डाले जाने पर ग्रामीणों को संदेह हुआ. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दंडाधिकारी सह अंचलाधिकारी की मौजूगी में शव को बाहर निकाला. शव को देखने से पता चला है कि उसके सिर के पीछे हिस्से में प्रहार किया गया था.
अनुसंधान तेज, जल्द होगा खुलासारू डीएसपी
एमआरएमसीएच में पोस्टमार्टम के लिए शव लाये जाने की सूचना पर डीएसपी मणिभूषण प्रसाद मौके पहुंचे और थाना प्रभारी सोनू चौधरी से जानकारी ली. उन्होंने बताया कि डेड बॉडी दो से तीन दिन पुरानी लगती है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि किशोरी की मौत कैसे हुई. यह पूछे जाने पर की पिता ने उसकी हत्या की, इस पर डीएसपी ने कहा कि यह अनुसंधान में स्पष्ट किया जायेगा.
बाप बेटी ही रहते थे घर में
ग्रामीणों के अनुसार सलतुआ में मथुरा सिंह और उसकी बेटी पम्मी ही केवल घर में रहते थे. बड़ी बेटी की शादी हो गयी है. मथुरा मजदूरी करके भरण पोषण करता है. शराब पीने की भी जानकारी ग्रामीणों ने दी है. गांव के सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत के मुखिया को पहले इसकी जानकारी हुई थी. पुलिस को उन्होंने ही सूचना दी थी. ग्रामीणों ने मौत का कारण बताने से इनकार किया. प्रेम प्रसंग के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी.




