
Ranchi : पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के नाम पर रांची के एक ठेकेदार से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है. पांच दिनों के अंदर रंगदारी नहीं देने पर फौजी कार्रवाई की धमकी दी है. घटना सामने आने के बाद पीड़ित ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. हरमू हाउसिंग कॉलोनी में रहने वाले अंजनी सिंह को नौ सितंबर को उनके मोबाइल पर पीएलएफआई की ओर से सोशल मीडिया के जरिए मैसेज भेजा गया. लिखा था कि 50 लाख रुपये रंगदारी नहीं दिए तो फौजी कार्रवाई की जाएगी. रकम देने के लिए पांच दिनों का समय दिया गया है. धमकी के बाद से ठेकेदार अंजनी सिंह का परिवार सहमा है.
इसे भी पढ़ें : जेईई मेन का रिजल्ट जारी, 44 उम्मीदवारों को मिला 100 परसेंटाइल
ठेकेदार ने पुलिस को भेजे गए धमकी की स्क्रीन शॉट अरगोड़ा पुलिस दिया है. इससे पहले भी पीएलएफआई के नाम पर रांची के कई कारोबारियों को मैसेज भेज रंगदारी मांगी है. धुर्वा के टेंट हाउस व्यवसायी से 4 नवंबर 2020 को 50 लाख की रंगदारी मांगी थी. 5 नवंबर 2020 को मोरहाबादी व्यवसायी से 50 लाख, 6 दिसंबर 2020 को अरगोड़ा व्यवसायी से 50 लाख, 21 नवंबर 2020 को कांके के कपड़ा व्यवसायी से 50 लाख व एक डॉक्टर से 20 लाख की रंगदारी मांगी थी.
मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस एक्टिव हो गई है और टेक्निकल सेल के द्वारा आरोपी की शिनाख्त कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास में जुट गई है. बता दें कि राजधानी रांची में हाल के दिनों में जंगलों से निकलकर पीएलएफआई अपनी पैठ जमाने की कोशिश कर रही है और इसी फेहरिस्त में अब व्यवसाईयों से रंगदारी मांगने की नई कवायद उग्रवादियों द्वारा देखने को मिल रही है.




