JharkhandLead NewsRanchi

अवैध माइनिंग पर लगाम लगाने की कवायद, खनिज ढोने वाले वाहनों पर VTD लगाने का आदेश

Ranchi : खान एवं भूतत्व विभाग राज्य के विभिन्न हिस्सों में अवैध माइनिंग की शिकायत को वाजिब मानता है. खासकर इसे कि निर्धारित से ज्यादा क्षमता में गाड़ियां खनिजों का उठाव करती हैं. तय सीमा से ज्यादा मात्रा में भी उठाव किया जाता है. ऐसे में इसे रोकने को उसने फिर से पहल की है. विभाग के मुताबिक राज्य में झारखंड मिनरल्स रुल्स 2017 (prevention of illegal mining, transportation and storage) प्रभावी है. इसके तहत सभी प्रकार के खनिजों के खनिज परिवहन में लगी गाड़ियों पर जीपीएस (GPS -Global Positioning System) आधारित वाहन ट्रैकिंग प्रणाली के साथ पंजीकृत कराने का प्रावधान है. JIMMS Portal पर जाकर 60 दिनों के अंदर ऐसा कर लिया जाना अनिवार्य है. पर कई पट्टाधारक, भंडारकर्ता, माइनिंग कामों में लगी गाड़ियों के मालिकों द्वारा ऐसा नहीं किया जा रहा है. यह आपत्तिजनक है.

इसे भी पढ़ें : सिमडेगा के Day Boarding सेंटरों में ट्रेनर बनने का मौका, 9 नवंबर तक करें आवेदन

वाहन ट्रैकिंग डिवाइस लगाना जरूरी

विभाग के मुताबिक खनन पट्टाधारकों और वाहन स्वामियों के लिये जरूरी है कि गाड़ियों में वाहन ट्रैकिंग डिवाइस (VTD) लगाया जाये. इसे जीपीएस के जरिये ट्रैक किया जायेगा. इससे पता लग सकेगा कि गाड़ी कहां है, उसके जरिये खनिजों का कितना उठाव हुआ है. साथ ही अन्य जानकारियां भी मिल सकेंगी. इसके लिये VTD सप्लायर को विभाग द्वारा इम्पैनल किय़ा गया है. इसकी सूची विभाग की वेबसाइट www.jharkhandminerals.gov.in पर उपलब्ध है. संबंधित व्यक्ति वेबसाइट पर जाकर किसी भी कंपनी का वाहन ट्रैकिंग डिवाइस (VTD /GPS) मंगाकर लगा सकते हैं. इस आदेश को हर जिले में जिला खनन कार्यालय की ओर से जारी करते हुए कहा गया है कि 60 दिनों के अंदर यानि दिसंबर, 2021 के आखिर तक VTD लगाना जरूरी होगा.

VTD के बगैर माइनिंग का उठाव अवैध

अलग अलग जिलों में जिला खनन कार्यालय की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि  झारखंड मिनरल्स रुल्स 2017 के तहत खनिजों के उठाव में  लगी गाड़ियों में हर हाल में VTD लगाना है. ऐसा नहीं किये जाने पर किसी भी गाड़ी को खनिजों का उठाव नहीं करने दिया जायेगा.इसका उल्लंघन होता है तो विभाग द्वारा खनिज परिवहन चालान तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का फैसला लिया जा सकता है.

इसे भी पढ़ें : BIT मेसरा अपने तीन ऑफ कैंपस के बीटेक प्रोग्राम में ले रहा एडमिशन

Related Articles

Back to top button