
Dhanbad: धनबाद में स्थित बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय के कुलपति (वीसी) प्रो सुखदेव भोई को कुलपति के पद से हटा दिया गया है. राज्यपाल सह कुलाधिपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें पदमुक्त कर दिया. उन्होंने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे. राज्यपाल ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं है. विदित हो कि प्रो सुखदेव भोई के विरुद्ध विभिन्न स्तरों से कई गंभीर शिकायतें कुलाधिपति कार्यालय को प्राप्त हुई थी. इस पर राज भवन द्वारा जांच का आदेश दिया गया था.
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा आरोपों की जांच के लिए एक टीम गठित की गई. राज्यपाल के निर्देश के बाद टीम की ओर से गहन जांच कर जांच प्रतिवेदन समर्पित किया, जिसमें बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद के कुलपति की ओर से प्रशासनिक एवं वित्तीय अनियमितता बरतने की कई गंभीर शिकायतों की पुष्टि की गई. समीक्षा के बाद कुलपति का आचरण और कृत्य विश्वविद्यालय के हित में नहीं पाया गया. इसके राज्यपाल महोदय ने प्रो. सुखदेव भोई को कुलपति पद की गरिमा के विरुद्ध कार्य करने के लिए पदमुक्त करने का आदेश दिया। राज्यपाल ने कहा कि राज्य के किसी भी विश्वविद्यालय द्वारा किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार क्षम्य नहीं है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी. राज्यपाल ने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों में किसी भी तरह का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.




