
Ranchi: राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी से लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. तेज धूप और गर्म हवाओं का असर भी राजधानी समेत अन्य हिस्सों में बढ़ता जा रहा है. वहीं, मौसम विभाग ने भी इसे लेकर अलर्ट जारी किया है. जिसमें बताया है कि 30 अप्रैल तक राज्य में हीट वेव का असर लगातार बढ़ता रहेगा.
26 और 27 अप्रैल को जहां हीट वेव का असर संथाल और दक्षिणी हिस्से में देखा जायेगा. वहीं, 28 से 29 के बीच हीट वेव का असर पलामू प्रमंडल और मध्य हिस्से में भी देखा जायेगा. ऐसे में लोगों को काफी सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने जानकारी दी है कि आने वाले पांच दिनों के दौरान राज्य में हीट वेव का असर लगातार बढ़ेगा.
इसमें, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी में भी कहीं-कहीं हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है.
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले तीन दिनों के दौरान राज्य के तापमान में 4 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जायेगी. बढ़ते तापमान और हीट वेव को लेकर मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को सलाह दी है कि दिन के 11 बजे से लेकर दोपहर के 4 बजे तक बाहर न निकले. समय-समय पर पानी पीते रहे. वहीं, कॉटन कपड़े का इस्तेमाल करें. बाहर निकलने से पहले शरीर को अच्छी तरह ढक लें.




