JamshedpurJharkhand

पेट्रोल के बढ़ते दाम का समाधान, अपनी पुरानी बाइक को ई बाइक में कन्वर्ट कराकर बचत के साथ करें पर्यावरण की रक्षा

सस्ते सफर के लिए ई बाइक बन रही है लोगों की पसंद, शहर में एक दर्जन से ज्यादा कंपनियों ने खोले हैं शोरूम, हर माह औसतन 35 वाहनों की बिक्री

Ajit Mishra

Jamshedpur  :  तेजी से लगातार बढ़ रहे पेट्रोल के दाम ने घरों का बजट बिगाड़ दिया है. खास कर दिन भर बाइक से काम करनेवाले लोग कुछ ज्यादा ही परेशान हैं. लेकिन अब इसका भी समाधान आ गया है. पुरानी पेट्रोल बाइक को ई-बाइक में कन्वर्ट कर अच्छी खासी बचत की जा सकती है. जमशेदपुर में यह सुविधा उपलब्ध है और लोग अपने पुराने पेट्रोल बाइक में इलेक्ट्रिक किट लगाकर ई बाइक में कन्वर्ट भी करवा रहे हैं. आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित ई-यात्रा नामक कंपनी ई बाइक का निर्माण कर रही है. साथ ही यह पेट्रोल बाइक को ई-बाइक में कन्वर्ट भी करती है. पुरानी बाइक में लिथियम बैटरी, कंट्रोलर, मोटर आदि उपकरण लगा कर इसे ई बाइक में तब्दील कर दिया जाता है. इलेक्ट्रिक किट का खर्चा 35 से 40 हजार रुपये आता है. इसकी बैटरी 5 वर्ष तक चलती है. पांच वर्ष बाद पुनः बैटरी को ठीक कर पहले की तरह उपयोग किया जा सकता है.

शहर में बढ़ रही ई बाइक की डिमांड, दर्जन भर शो-रूम खुले

तेजी से लगातार बढ़ रहे पेट्रोल के दाम के बीच शहर में धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक बाइक की डिमांड भी बढ़ गयी है. शहर भर में अबतक दर्जन से ज्यादा ई बाइक के आउटलेट खुल चुके हैं. हालांकि पेट्रोल बाइक अब भी डिमांड में है. इसके बावजूद लोग सस्ती व ईको फ्रेंडली बाइक को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. युवा, महिला, बुजुर्ग सभी उम्र के लोग ई बाइक को आसानी से चला सकते है. इसके अलावा यह बाइक आवाज नहीं करती. इसकी खूबसूरती, फीचर्स और कलर लोगों को बहुत लुभा रहे हैं. दो साल पहले शहर में ई बाइक आउटलेट की संख्या इक्का-दुक्का ही थी, लेकिन वर्तमान में इनकी संख्या एक दर्जन से ज्यादा है. बाइक बनानेवाली बड़ी कंपनियों ने भी फ्यूचर को देखकर अपनी ई बाइक लांच कर दी है.

पिछले दो साल में डिमांड बढ़ने के कारण शहर में ई बाइक के 6 आउटलेट खुले हैं. प्रतिमाह 25 से 30 ई बाइक की बिक्री आसानी से हो जाती है. लोग एडवांस बुकिंग भी करा रहे हैं. पेट्रोल के बढ़ते दाम के चलते लोग इलेक्ट्रिक बाइक को ज्यादा पसंद कर रहे है. किसी भी कंपनी की पुराने पेट्रोल बाइक में इलेक्ट्रिक किट लगाकर उसे ई बाइक में कन्वर्ट कर दिया जाता है. हमारे यहां प्रतिदिन 4 से 5 बाइक को ई बाइक में कन्वर्ट किया जा रहा है. सस्ते सफर के लिए लोगों का ई बाइक के प्रति रुझान बढ़ रहा है.   – विवेक गुप्ता,  संचालक ई-यात्रा बाइक कंपनी

50 हजार से लेकर एक लाख तक है ई बाइक की कीमत

ई-बाइक की कीमत लगभग 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये के बीच है. जमशेदपुर में प्रत्येक आउटलेट से प्रति माह 25 से 30 ई बाइक की बिक्री हो रही है. लोग इसके लिए एडवांस बुकिंग भी करा रहे है. ई बाइक शोरूम के संचालक व टेक्नीशियन के अनुसार यह बाइक काफी किफायती है. इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि 7 से 10 रुपये प्रति यूनिट के बिजली खर्च में 100 किलोमीटर तक की दूरी आसानी तय की जा सकती है. जबकि पेट्रोल बाइक से इतनी दूरी तय करने में करीब 150 रुपये का ईंधन खर्च हो जाता है. हालांकि स्पीड के दीवानों को ई बाइक निराश करती है, क्योंकि इसकी टॉप स्पीड 25 किमी प्रति घंटा तक ही है, लेकिन सुरक्षित वाहन चलानेवाले लोगों के लिए यह परफेक्ट बाइक है.

रजिस्ट्रेशन या ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं

ई बाइक के लिए रजिस्ट्रेशन या ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं पड़ती. कई कंपनियां एक साल का मोटर इंश्योरेंस फ्री में दे रही हैं. इस बाइक में मुख्य रूप से पोर्टेबल लिथियम-आयन बैटरी, कंट्रोलर तथा मोटर लगी होती है. यह सिंगल चार्ज में 90 से 100 किमी तक चलती है. चार से पांच घंटे में बैटरी फुल चार्ज हो जाती है. ई बाइक कंपनियां नये वाहन पर दो से तीन साल तक की वारंटी के साथ सर्विस भी उपलब्ध करा रही हैं.

इसे भी पढ़ें – UP विधानसभा की वेबसाइट हैक! आपत्तिजनक पोस्ट के बाद लखनऊ साइबर थाने में केस दर्ज

 

 

Related Articles

Back to top button