NationalWorld

चीन की गलत नीतियों की वजह से खराब हो रहे द्विपक्षीय संबंध, हमारा पक्ष बेहद स्पष्ट – एस जयशंकर

New Delhi : विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि भारत और चीन के संबंध खराब दौर से गुजर रहे हैं, क्योंकि बीजिंग ने ऐसे कई काम किए हैं, जिनसे समझौतों का उल्लंघन हुआ है. उन्होंने कहा कि चीन ने समझौतों का उल्लंघन करते हुए कुछ ऐसी गतिविधियां की जिनके पीछे उसके पास अब तक विश्वसनीय स्पष्टीकरण नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि चीन के नेतृत्व को इस बात का जवाब देना चाहिए कि द्विपक्षीय संबंधों को वे किस ओर ले जाना चाहते हैं.

इसे भी पढ़ें : माही के शहर में टीम इंडिया के नाम हुई T-20 सीरीज

सिंगापुर में ब्लूमबर्ग न्यू इकोनामिक फोरम में सामूहिक चर्चा के दौरान जयशंकर ने एक सवाल के जवाब में कहा, मुझे नहीं लगता कि चीनी पक्ष को इस बात को लेकर कोई संदेह है कि आपसी संबंधों के मामले में हम कहां खड़े हैं और इसके साथ क्या सही नहीं हो रहा है. मैं अपने समकक्ष वांग ई से कई बार मिल चुका हूं. जैसा कि आपने महसूस किया होगा कि मैं स्पष्ट और तार्किक रूप से समझने वाली बात करता हूं. मेरी बातों में स्पष्टता का कोई अभाव नहीं रहता है. इसलिए यदि वे यह सुनना चाहते हैं तो मुझे विश्वास है कि उन्होंने इसे सुन लिया होगा.

भारत ने चीन को बता दिया है कि पूर्वी लद्दाख में सैनिकों की वापसी की प्रक्रिया में प्रगति शांति की बहाली के लिए अनिवार्य है और यह द्विपक्षीय संबंधों में व्यापक सुधार का आधार है. 16 सितंबर को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में अपने चीनी समकक्ष वांग ई से मुलाकात के दौरान जयशंकर ने इस बात पर जोर दिया था कि दोनों पक्षों को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर बकाया मुद्दों के शीघ्र समाधान के लिए काम करना चाहिए. इसके अलावा द्विपक्षीय समझौतों का भी पूरी तरह पालन करना चाहिए.

भारत और चीन की सेनाओं के बीच पूर्वी लद्दाख में सीमा पर गतिरोध के हालात पिछले साल पांच मई को बने थे. पैंगांग झील से लगते इलाकों में दोनों के बीच हिंसक झड़प भी हुआ था और दोनों देशों ने अपने हजारों सैनिक और हथियार वहां तैनात किए थे. पिछले वर्ष 15 जून को गलवान घाटी में हिंसक झड़प के बाद तनाव और भी बढ़ गया था.

हालांकि कई दौर की सैन्य और राजनयिक वार्ता के बाद दोनों पक्ष फरवरी में पैंगांग झील के उत्तरी और दक्षिणी किनारों से तथा अगस्त में गोगरा इलाके से अपने सैनिकों को वापस बुलाने के लिए राजी हो गए. सैन्य वार्ता पिछली बार 10 अक्टूबर को हुई थी जो बेनतीजा रही. इसी बीच, गुरुवार को दोनों पक्ष 14वें दौर की सैन्य वार्ता जल्द कराने पर सहमत हुए.

जयशंकर ने इस धारणा को भी हास्यास्पद बताते हुए खारिज कर दिया कि वैश्विक शक्ति संतुलन के बीच अमेरिका रणनीतिक रूप से अनुबंध कर रहा है और दूसरों को जगह दे रहा है. उन्होंने कहा कि अमेरिका पहले की तुलना में अब ज्यादा लचीला साथी है और विचारों के लिए खुला है. इस उलझन में मत पड़िए कि अमेरिका का पतन हो रहा है. मुझे लगता है कि यह हास्यास्पद है.

इसे भी पढ़ें : लातेहार में नक्सलियों ने रिचुघुटा-डेमू स्टेशन के बीच उड़ाया रेलवे ट्रैक, कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट

Related Articles

Back to top button