
Ranchi : रांची में 19 नवंबर को खेले गये टी-20 सीरीज के दूसरे मैच में इंडिया टीम हावी रही. जयपुर में खेले गये शृंखला के पहले मैच में भी उसने मैच जीता था. 3 मैचों की सीरीज में 2 मैच जीतने के बाद इंडिया ने सीरीज पर कब्जा जमा लिया है. अब अगला मैच कोलकाता में होगा जहां टीम इंडिया 3-0 से क्लीन स्वीप करने की कोशिश करेगी. रांची में खेले गये मैच में भारत ने न्यूजीलैंड टीम को सात विकेट से हराकर जेएससीए स्टेडियम में जीत की हैट्रिक लगायी. न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 153 रन बनाया था. इंडिया ने 17.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाकर मैच जीत लिया. हर्षल पटेल मैन ऑफ द मैच बने. मैच के दौरान सीएम हेमंत सोरेन, मंत्री जगरनाथ महतो, हफीजुल हसन अंसारी सहित कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद थे.

ओपनिंग पार्टनरशिप रही शानदार
न्यूजीलैंड द्वारा दिये गये 1523 रन के लक्ष्य को पूरा करने को उतरी इंडियन टीम ने शानदार शुरूआत की. ओपनर केएल राहुल और कप्तान रोहित शर्मा ने मजबूत ओपनिंग दी. राहुल ने 65 और रोहित ने 55 रनों की पारी खेली. इसके अलावा वेंकटेश 12 रन और रिषभ पंत भी 12 रन बनाकर नाबाद रहे. न्यूजीलैंड की ओर से साउदी ने 4 ओवर में 16 रन देकर रोहित, राहुल और सूर्य कुमार यादव के विकेट हासिल किये.

रांची में लगातार तीसरी जीत
जेएससीए स्टेडियम में टीम इंडिया ने 12 फरवरी 2016 को श्रीलंका को 69 रनों से हराया था. इसके बाद 7 अक्टूबर, 2017 को ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेटों से हराया था. अब 19 नवंबर को न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराकर यहां लगातार तीसरी जीत हासिल की. इस तरह से टीम इंडिया के लिये यह मैदान लकी साबित हुआ.





