JharkhandLateharNEWS

दोहरा नरबलि हत्याकांडः जेवीएम, कांग्रेस और माकपा की टीम ने सेमरहट गांव का दौरा किया

Latehar:  जेवीएम, कांग्रेस और माकपा की टीम मनिका के सेमरहट गांव पहुंची. इस टीम में जेवीएम जिला अध्यक्ष समशुल होदा, माकपा के अयूब खान, कांग्रेस चंदवा प्रखंड अध्यक्ष असगर खान, बाबर खान, सिकेश्वर राम, ओम प्रकाश प्रसाद, इरफान सज्जु, रामसेवक यादव, जाकीर अंसारी, अख्तर औक मो मिस्टर शामिल थे. टीम की ओर से दो बच्चों की बलि मामले की जांच की गयी और घटना स्थल का दौरा किया गया. बच्चों के परिजनों व ग्रामीणों से मुलाकात कर जानकारी हासिल ली गयी. मृतका बच्ची शीला कुमारी (7 वर्ष) की मां शांति देवी ने बताया कि मेरी बेटी शीला कुमारी 10 जुलाई बुधवार की सुबह सुनील उरांव की दुकान से मिठाई खरीदने गयी थी. इसके बाद मेरी बेटी घर वापस नहीं आयी.

सुनील उरांव ने मेरी बेटी की बलि दी है, सुनील उरांव से मेरे परिवार की कोई दुशमनी नहीं थी. वहीं मृत बच्चे निर्मल उरांव (12 वर्ष) की मां सारो देवी ने बताया कि 10 जुलाई कि सुबह सुनील उरांव के ससुराल लेसलीगंज से मेरे पति बिलेंन्द्र उरांव के मोबाइल पर फोन आया था. फोन करनेवाले ने सुनील उरांव से बात कराने को कहा था.

हमलोगों ने अपने बेटे निर्मल उरांव को मोबाइल देकर सुनील उरांव के घर भेजा. इसके बाद वो घर नहीं लौटा. सुनील उरांव ने मेरे बेटे की असाढी बलि दी है.  हमारी सुनील से दुश्मनी नहीं बल्कि दोस्ती थी.

इसे भी पढ़ेंः सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में युवती को भेजा जेल, विरोध में आक्रोशित लोगों ने किया पिठोरिया थाना का घेराव

ग्रामीणों ने क्या बताया

ग्रामीण सुभाष यादव, सुखलाल उरांव, रामलाल उरांव, बिनोद उरांव, प्रेम उरांव, जिरमनीयां देवी, लालजी उरांव ने बताया कि 11 जुलाई गुरुवार की सुबह सुनील उरांव के घर के समीप खून के धब्बे मिले. इधर-उधर नजर दौड़ाया, तो पास में बालू का ढेर और उसके ऊपर कुछ झाड़ियां रखी हुई मिलीं. संदेह के आधार जब ढेर के पास जाकर देखा तो बालू में दबे एक बच्चे का पैर दिखायी दिया.

पुलिस ने जब बालू हटाया तो दोनों की सिर कटी लाश मिली. जहां से लाश मिली है, वहां मिट्टी के 13 दिये, धान, बोदी, खीरा, मक्का, अरवा चावल, सिंदूर भी मिले हैं. यह नरबलि है. ग्रामीण और पीड़ित परिवार ने भी इस घटना को नरबलि बताया है. टीम ने गांव से लौटकर बताया कि यह पूरी तरह से बलि की घटना है.

कहा कि समाज का एक बड़ा हिस्सा आज भी अंधविश्वास के चंगुल में जकड़ा हुआ है. यह घटना अंधविश्वास के बारे में जागरुकता अभियान नहीं चलाये जाने का नतीजा है.

इसे भी पढ़ेंः कर्नाटक में सरकार बचाने की कवायद, बागी विधायकों को मनाने की कोशिश में जुटी कांग्रेस

घटना की सीबीआइ जांच की मांग

जांच के दौरान टीम मनिका थाना गयी. वहां मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से इस संबंध में जानकारी हासिल की. इसमें शामिल लोगों ने कहा घटना में काफी पेंच भी है. खुलासे के लिए सीबीआई जांच की जरूरत है. कहा कि माकपा, जेवीएम और कांग्रेस अंधविश्वास विरोधी अभियान आयोजित करेगी.

टीम ने घटना की निंदा करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और सरकार से घटना की जांच सीबीआई से कराने की मांग की. साथ ही  मृतका शीला कुमारी के सिर को बरामद करने, पिड़ित परिवारों को मुआवजा देने, अंधविश्वास विरोधी अभियान चलाये जाने की मांग की.

इसे भी पढ़ेंः  जिस वकील के ठिकानों पर सीबीआई ने मारा था छापा, ठीक एक दिन बाद SC ने उसे बनाया एमिकस क्यूरी

Related Articles

Back to top button