
Ranchi: डॉक्टरों ने हड़ताल वापस ले ली है. मिली जानकारी के अनुसार एमजीएम में आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद हड़ताल वापस ले ली गई है. सुबह 6 बजे से ही मेडिकल सेवाएं बंद थी, केवल इमरजेंसी सेवाएं ही खुली थी. लेकिन अब फिर से ओपीडी सेवाएं शुरू हो गई है. IMA सचिव प्रदीप सिंह ने घोषणा की है.
दो अन्य आरोपी भी हुए गिरफ्तार
जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ के साथ मारपीट के मुख्य आरोपी संतोष कुमार और रवि कुमार को साकची पुलिस ने गुरुवार शाम देवनगर से गिरफ्तार कर लिया. संतोष और रवि से पूछताछ कर पुलिस मारपीट की घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी हासिल करने में जुट गई है. इस घटना में पुलिस ने नाबालिग समेत 10 लोगों को अब तक हिरासत में लिया है. बता दें कि मंगलवार रात एमजीएम अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद युवकों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी थी. इस घटना के बाद से ही अस्पताल के डॉक्टर हड़ताल पर चले गए थे.




