
Ranchi : पिछले करीब दो माह से दलादली चौक, सिमलिया (रांची) में जिला स्तरीय पशु मेला लगा हुआ है. इसमें अनेकों निबंधित पशु विक्रेता, व्यापारी दुधारू गाय लेकर आए हुए हैं. रांची जिला प्रशासन ने पशु पालकों से इस मेले का लाभ उठाने की अपील की है. जिला गव्य विकास पदाधिकारी, रांची ने ऐसे पशुपालकों से विशेष अपील की है जो मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लाभुक हैं. वित्तीय वर्ष 2020-21 और 2021-22 में रांची जिले के जिन पशुपालकों को पशुधन विकास योजना के लिए चुना गया था, वे इस मेले में आकर दुधारू गाय की खरीद करके इसका लाभ उठा सकते हैं.
इसका भी रखना है ध्यान
गव्य विकास पदाधिकारी, रांची के मुताबिक मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के लाभुकों को चाहिए कि वे मेले में आएं. लगातार तीन पाली दूध- दोहन देखकर गाय पसंद करें और इसी आधार पर खरीदारी करें. पर इसके साथ ही उन्हें चाहिए कि योजना के नियमानुसार अंशदान बैंक खाते में जमा करें. इसके बाद ही खरीदारी में उन्हें सहुलियत होगी. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत सरकार चयनित लाभुकों के खाते में अपनी ओर से मदद देती है. लाभुकों को भी मामूली अंशदान करना होता है. पिछले कुछ समय से कई लाभुकों ने अपना अंशदान नहीं दिया है जिससे वे गायों की खरीद भी नहीं कर पा रहे.
पशुधन योजना का लाभ लेने के लिए जरूरी दस्तावेज
गौरतलब है कि पशुपालकों, किसानों की आय को बढाने के लिए मुख्यमंत्री पशुधन योजना का लाभ उन्हें दिया जा रहा है. इसका लाभ लेने के लिए आवेदक के पास आधार कार्ड होना चाहिए. साथ ही मोबाइल नंबर, राशन कार्ड, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र होना जरूरी है. अगर आवेदक दिव्यांग है तो उसके पास इससे संबंधित प्रमाण पत्र होना जरूरी है. साथ ही विधवा महिला के केस में उसके पास विधवा प्रमाण पत्र होना जरूरी है. योजना के तहत किसानों को 50-90 फीसदी तक की अनुदान राशि दी जाती है. इस योजना के अंतर्गत पशुपालकों को पशु शेड बनाकर दिए जाता है जिसका खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाता है. पशुधन विकास योजना के तहत मनरेगा को भी शामिल किया गया है ताकि इसका दायरा बढ़ाया जा सके. अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला पशुपालन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं.
इसे भी पढ़ें : छठ महापर्व: खरना आज, खीर प्रसाद के साथ ही 36 घंटे का व्रत शुरू, जाने नियम और परंपरा




