Lead NewsNationalNEWS

एशिया कप में आज फिर भारत Vs पाकिस्तान, कोलंबो में दूसरी बार भिड़ेंगी दोनों टीमें, बारिश के भी आसार

New Delhi: भारत और पाकिस्तान की टीमें रविवार को वनडे एशिया कप में सुपर-4 के मुकाबले में फिर से आमने-सामने होंगी. मुकाबला कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारतीय टाइमिंग के मुताबिक दोपहर 3:00 बजे से होगा. टॉस दोपहर 2:30 बजे होगा. पाकिस्तान ने अपने पहले सुपर-4 मैच में बांग्लादेश को 7 विकेट से हराया था. वहीं, टीम इंडिया का यह पहला सुपर-4 मुकाबला होगा. दोनों टीमें एशिया कप में ग्रुप स्टेज के मुकाबले में आमने-सामने हो चुकी हैं। पल्लेकेले के मैदान पर खेला गया वह मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.

इस मुकाबले में चोट के बाद वापसी करने वाले भारतीय बल्लेबाज लोकेश राहुल और बारिश पर सभी की निगाहें रहेंगी. राहुल लंबे समय बाद वनडे प्रारूप में खेलते दिख सकते हैं, तो वहीं, कोलंबो में बारिश ने सभी की सिरदर्दी बढ़ा रखी है. पूरे सप्ताह बारिश होने क संभावना है और ऐसे में इस मैच के लिए एक विवादास्पद सुरक्षित दिन (रिजर्व डे) भी रखा गया है.

अगर रविवार को बारिश आती है और खेल जहां रुक जाएगा और तो सोमवार को वहीं से शुरू होगा. इससे पहले भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप मैच में भी बारिश ने बाधा पहुंचाई थी. उस मैच में भारतीय टीम ने तो अपनी पारी खेली थी, लेकिन पाकिस्तान अपनी पारी नहीं खेल पाया था. वहीं, राहुल पांच महीने बाद वनडे में खेलते दिखेंगे. उन्होंने अपना पिछला मैच इस साल 22 मार्च को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था जिसमें वह 32 रन पर ही आउट हो गए थे.

भारतीय टीम मैनेजमेंट के सामने राहुल और ईशान किशन में से किसी एक को चुनने की दुविधा का हल निकालना अहम रहेगा. ईशान ने पिछले लगभग एक महीने में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है. उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन और मौजूदा एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाया है. इस दौरान किशन ने पारी का आगाज करने से लेकर पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी भी की है. किशन बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं तो इससे भारतीय बल्लेबाजी क्रम में थोड़ी विविधता भी आई है. वहीं, राहुल को भी नजरअंदाज मुश्किल है. टीम मैनेजमेंट को उनके फिट होने का शुरू से इंतजार था. अब वह फिट होकर टीम में लौटे हैं. वह जांघ की चोट और सर्जरी से परेशान थे.

ये है टीमें :

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, लोकेश राहुल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या (उप-कप्तान), रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा.

पाकिस्तान : बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, फखर जमान, इमाम उल हक, सलमान आगा, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद हैरिस, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, उसामा मीर, फहीम अशरफ, हारिस रऊफ, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन शाह आफरीदी, सऊद शकील.

भारत की संभावित प्लेइंग-11

रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल/ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज.

पाकिस्तान की घोषित प्लेइंग-11

बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), फखर जमान, इमाम उल हक, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फहीम अशरफ, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ.

Related Articles

Back to top button