
Chaibasa : झारखंड में मैरेज रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन कर दिया है. इस मैरिज सर्टिफिकेट को कई तरह के सरकारी कार्यों में भी आवश्यक दस्तावेज के रूप में उपयोग किया जा सकता है. मैरेज सर्टिफिकेट https://jharsewa.jharkhand.gov.in अथवा नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर बनवाया जा सकता है. पश्चिम सिंहभूम जिले में मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने की प्रक्रिया चल रही है. सर्टिफिकेट जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर ई-जिला प्रबंधक द्वारा सभी प्रखंडों के पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है. ऑनलाइन प्रक्रिया के बाद आवेदन 15 दिनों के लिए नोटिस पीरियड में रहता है. इस अवधि में कोई आपत्ति नहीं आने पर आवेदक के पर्सनल इंटरव्यू के लिए दिन एवं समय निर्धारित किया जाता है. इसके बाद शहरी क्षेत्र के आवेदकों का सर्टिफिकेट नगरपरिषद/नगरपालिका के कार्यपालक पदाधिकारी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के आवेदकों का प्रमाण पत्र संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव द्वारा जारी किया जाता है.
मैरेज रजिस्ट्रेशन के लिए ये दस्तावेज हैं जरूरी
- पति-पत्नी का संयुक्त फोटो
- पति-पत्नी का अलग-अलग पासपोर्ट साइज फोटो
- पति-पत्नी का विवाह के जोड़ा में फोटो
- पति-पत्नी का पृथक हस्ताक्षर
- दोनों का निवास प्रमाण पत्र
- दोनों का उम्र प्रमाण पत्र
- तीन गवाहों का पासपोर्ट साइज फोटो
- गवाहों का हस्ताक्षर
- गवाहों का निवास प्रमाण पत्र
- शादी का कार्ड अथवा
- पंडित/काजी द्वारा निर्गत प्रमाण पत्र.
इसे भी पढ़ें – पलामू: सांप के डंसने मां-बेटे की मौत, गर्मी में कमरे से बाहर निकलकर सोना पड़ा महंगा




