
Ranchi: बीते गुरूवार से राजधानी रांची समेत राज्य में मानसून का असर कम रहा. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो बंगाल की खाड़ी से उठे साइक्लोन के कमजोर पड़ने के कारण राज्य में मानसून का असर कम देखा गया. जहां गुरूवार को सुबह से मौसम साफ रहा. वहीं, शुक्रवार अहले सुबह से राजधानी में बारिश का असर देखा गया. जहां बारिश से राजधानी का मौसम सुहाना हो गया. मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो अगले चार दिनों तक मानसून की सक्रियता में कुछ कमी आ सकती है. इस दौरान बादल साफ रहने के बावजूद हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. वहीं, तीन जुलाई तक मौसम साफ रहने की ज्यादा संभावना है. लेकिन देश के मध्य भाग से लेकर पश्चिमी से पूर्व तक मानसून टर्फ झारखंड से होकर गुजर रहा है. इससे राजधानी समेत राज्य के कुछ भागों में हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है.
विभाग की मानें तो राज्य के तापमान में आने वाले पांच दिनों तक बहुत अंतर नहीं देखा जायेगा. आने वाले पांच दिनों के बाद तापमान में कमी दर्ज की जायेगी. लेकिन तापमान में वृद्धि की संभावना नहीं है. वहीं, इस दौरान कुछ इलाकों में बादल छाये रहने की संभावना व्यक्त की गयी है.
इन जिलों में जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, 7 जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. देवघर, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, जामताड़ा और पाकुड़ जिले में मेघगर्जन और वज्रपात के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश: सबसे अधिक बारिश गढ़वा स्थित नगर उंटारी में 56.8 मिमी वर्षा हुई. साहिबगंज में 50.0 मिमी के आसपास बारिश हुई. दुमका में 33 मिमी, पलामू में 24 मिमी, हजारीबाग में 14 मिमी, जामताड़ा में 10.6 मिमी, कोडरमा में 10.4 मिमी, रामगढ़ में 9.6 मिमी, रांची में 6.8 मिमी और गिरिडीह में 16.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है.




