
Palamu: घर से एक किलोमीटर दूर चने की फसल देखने गए एक 70वर्षीय बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई. तेज धारदार गड़ासा से बुजुर्ग के चेहरे के अलावा शरीर के अन्य हिस्से में कई बार वार किया गया. शनिवार की सुबह बुजुर्ग की लाश खून से लथपथ खेत पर बनाये गए मड़ई (कुटिया) से बरामद किया गया. मामला पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सूठा पंचायत अंतर्गत चेतमा-खैरदोहर गांव का है. बुजुर्ग की पहचान खैरदोहर निवासी कुर्बान मियां के रूप में हुई है. कुर्बान मियां शुक्रवार की रात घर से एक किलोमीटर दूर चने की फसल को देखने के लिए खेत पर गए हुए थे. रात 9 बजे तक सबकुछ ठीक ठाक था. शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने कुर्बान मियां का शव खून से लथपथ देखा. सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे. पुलिस भी पहुंची. परिजनों का कहना है कि शुक्रवार की रात 8 बजे नमाज पढ़ने के बाद कुर्बान मियां खेत पर चले गए थे. रात 9 बजे उनका पुत्र कुद्दुस और पड़ोसी हदीस खाना लेकर खेत पर गए थे. खाना खिलाने के बाद दोनों लौट गए. उस समय तक कुर्बान मियां ठीक ठाक थे. बेरहमी से हत्या होने और अबतक घटना का कारण सामने नहीं आने से लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. पुलिस हत्या कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: अग्निवीरों की भर्ती को लेकर मंत्रालय का बड़ा फैसला, जानें क्या
खोजी कुता नहीं दे जुटा पाया सुराग
घटना का कारण स्पष्ट नहीं रहने के कारण परिजन और ग्रामीणों ने खोजी कुते से घटना की जांच कराने की मांग की. पुलिस खोजी कुता लेकर घटना स्थल और आसपास के इलाकों में जांच की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. घटनास्थल से कुछ दूर आगे खून लगा गड़ासा बरामद किया गया. घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है.
मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि और थाना प्रभारी
घटना की सूचना मिलने पर पाटन के थाना प्रभारी गुलश गौरव, किशुनपुर ओपी प्रभारी कुमार नीरज, जिला परिषद प्रतिनिधि नन्द यादव, मुखिया प्रतिनिधि इकबाल मियां, पूर्व मुखिया लक्ष्मण राम आदि मौके पर पहुंचे. छानबीन में सामने आया कि कुर्बान मियां का शव मड़ई में खटिया के नीचे पड़ा हुआ था, जबकि हत्या में इस्तेमाल फरसा कुछ दूर आगे खेत में फेंका हुआ था. कुर्बान के चेहरे पर कई बार वार किए गए थे, जबकि शरीर के अन्य हिस्से में भी तेज धारदार से वार करने के निशान पाए गए.




